राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर फूटा 'रामायण' के लक्ष्मण का गुस्सा, बोले- रक्षक ही बन गए भक्षक, ऐसी सजा...
अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के मामले पर दूरदर्शन के लोकप्रिय धारावाहिक 'रामायण' में लक्ष्मण की भूमिका निभाने वाले अभिनेता Sunil Lahri ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस घटना को करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के साथ विश्वासघात बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सुनील लहरी ने सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश में कहा कि सैकड़ों वर्षों के इंतजार, लाखों श्रद्धालुओं की आस्था और हजारों लोगों के बलिदान के बाद भगवान राम का भव्य मंदिर बना है। ऐसे पवित्र स्थान पर चढ़ावे में कथित गड़बड़ी की खबर बेहद दुखद और शर्मनाक है।
उन्होंने कहा, "यह सबसे नीच हरकत है। रक्षक ही भक्षक बन गए हैं। श्रद्धालुओं की भावनाओं के साथ ऐसा विश्वासघात किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार नहीं किया जा सकता।"
दोषियों के लिए कड़ी सजा की मांग
अभिनेता ने कहा कि यदि आरोप सही साबित होते हैं तो दोषियों को ऐसी सख्त सजा मिलनी चाहिए, जिसे उनकी आने वाली पीढ़ियां भी याद रखें। उन्होंने कहा कि चोरी जैसे अपराधों पर कुछ देशों में बेहद कठोर दंड का प्रावधान है और ऐसे मामलों में ऐसी ही सख्ती अपराधियों के लिए नजीर बन सकती है।
क्या है पूरा मामला?
राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर विवाद तब सामने आया, जब Tej Narayan Pandey ने आरोप लगाया कि मंदिर की दान पेटियों से करोड़ों रुपये के चढ़ावे में गड़बड़ी हुई है। उनके आरोपों के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया।
जांच के दौरान कथित अनियमितताओं के संकेत मिलने के बाद अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले की जांच अभी भी जारी है और संबंधित एजेंसियां पूरे प्रकरण की विस्तृत पड़ताल कर रही हैं।