सलमान खान की पहचान का इस्तेमाल पड़ा भारी! दिल्ली हाईकोर्ट ने फिल्म निर्माता अमित जानी को जारी की नोटिस
New Delhi : बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की ओर से दायर याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट ने फिल्म निर्माता अमित जानी और अन्य पक्षों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 19 जून को होगी।
सलमान खान की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता निज़ाम पाशा ने अदालत में दलील दी कि 29 मई को प्रस्तावित फिल्म का पोस्टर जारी किया गया था, जिसमें एक किरदार को सलमान खान की तरह दिखाया गया है। उसका पहनावा और व्यक्तित्व भी अभिनेता की सार्वजनिक छवि से मेल खाता है।
अदालत में पेश पक्ष ने कहा कि इस मामले से संबंधित कुल चार एफआईआर में से तीन मामलों में सलमान खान को पहले ही बरी किया जा चुका है। इसके बावजूद उनकी पहचान और छवि का इस्तेमाल कर फिल्म का निर्माण किया जा रहा है, जो उनके व्यक्तित्व अधिकारों (Personality Rights) का उल्लंघन है।
सलमान खान के वकील ने अदालत को बताया कि मीडिया में लगातार अभिनेता का नाम इस मामले से जोड़ा जा रहा है, जिससे उनकी प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है। उन्होंने अदालत से फिल्म की रिलीज़ और उसके प्रचार-प्रसार पर रोक लगाने की मांग की। वकील ने यह भी बताया कि फिल्म का ट्रेलर शुक्रवार सुबह ही जारी किया गया है।
अदालत में सलमान खान की ओर से यह भी कहा गया कि भले ही फिल्म की रिलीज़ डेट अभी तय नहीं हुई है, लेकिन पूरे प्रोजेक्ट पर रोक लगाई जानी चाहिए।
हालांकि सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि किसी भी अंतरिम आदेश से पहले विपक्षी पक्ष को सुनना आवश्यक है। न्यायालय ने टिप्पणी करते हुए कहा कि बिना दूसरे पक्ष का पक्ष जाने कोई आदेश पारित नहीं किया जा सकता। इसके बाद दिल्ली हाईकोर्ट ने फिल्म निर्माता अमित जानी और अन्य संबंधित पक्षों को नोटिस जारी करते हुए जवाब तलब किया है। मामले की अगली सुनवाई 19 जून को निर्धारित की गई है।