तमिल सुपरस्टार अजित कुमार की मां मोहिनी मणि का निधन, CM विजय समेत कई सितारों ने दी श्रद्धांजलि
तमिल सुपरस्टार अजित कुमार की मां मोहिनी मणि का 85 वर्ष की उम्र में चेन्नई में निधन हो गया। रविवार को बेसंत नगर श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। अजित कुमार ने मां के पार्थिव शरीर को कंधा दिया। CM विजय और कई फिल्मी हस्तियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
Mohini Mani Passes Away: तमिल फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार अजित कुमार की मां मोहिनी मणि का शनिवार को निधन हो गया। वह 85 वर्ष की थीं और लंबे समय से उम्र संबंधी बीमारियों एवं स्वास्थ्य जटिलताओं से जूझ रही थीं। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद फिल्म इंडस्ट्री और फैंस के बीच शोक की लहर दौड़ गई।
रविवार सुबह चेन्नई के बेसंत नगर श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। मोहिनी मणि का पार्थिव शरीर इंजामबक्कम स्थित उनके आवास से अंतिम संस्कार के लिए बेसंत नगर श्मशान घाट ले जाया गया।
मां को कंधा देकर भावुक हुए अजित कुमार
अंतिम यात्रा के दौरान एक भावुक दृश्य देखने को मिला, जब अभिनेता अजित कुमार ने अपनी मां के पार्थिव शरीर को कंधा देकर श्मशान घाट तक पहुंचाया। रिपोर्ट्स के अनुसार, अंतिम संस्कार की रस्में उनके भाई अनिल कुमार ने पूरी कराईं। मां के निधन की सूचना मिलते ही अजित कुमार तुरंत चेन्नई पहुंचे। उनके घर पर संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा रहा।
CM विजय और फिल्मी सितारों ने दी श्रद्धांजलि
शनिवार शाम तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय और अभिनेत्री तृषा कृष्णन अजित कुमार के आवास पहुंचे और मोहिनी मणि को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके अलावा अभिनेता सरथकुमार, नासिर, निर्देशक शंकर, ए.एल. विजय, शिवा समेत तमिल फिल्म इंडस्ट्री की कई प्रमुख हस्तियां भी अंतिम दर्शन के लिए पहुंचीं।
मुख्यमंत्री विजय ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अपने प्रिय मित्र और अभिनेता अजित कुमार की मां मोहिनी अम्मैयार के निधन की खबर से गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
2023 में हुआ था पिता का निधन
अजित कुमार तमिल सिनेमा के सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में गिने जाते हैं। उन्होंने ‘काधल कोट्टई’, ‘वाली’, ‘दीना’, ‘बिल्ला’, ‘मंकथा’, ‘विश्वासम’ और ‘वलिमै’ जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया है।
उनके पिता पी. सुब्रमण्यम का निधन वर्ष 2023 में हुआ था। वह केरल के पलक्कड़ के रहने वाले तमिल ब्राह्मण थे। वहीं उनकी मां मोहिनी मणि सिंधी समुदाय से थीं और मूल रूप से कोलकाता की रहने वाली थीं।
तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर हैं अजित
अजित कुमार तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर हैं। उनके बड़े भाई अनूप कुमार न्यूयॉर्क में स्टॉकब्रोकर हैं, जबकि छोटे भाई अनिल कुमार बिजनेसमैन हैं। अजित ने वर्ष 2000 में अभिनेत्री शालिनी से शादी की थी। दोनों की मुलाकात फिल्म ‘अमरकलम’ के सेट पर हुई थी। उनके दो बच्चे हैं, बेटी अनुष्का और बेटा अद्विक।