सतलुज के बाद अब 'The India Story' पर बवाल, CBFC से फिल्म रोकने की मांग, टीजर पर उठे बड़े सवाल
The India Story Teaser: काजल अग्रवाल और श्रेयस तलपड़े अभिनीत फिल्म 'The India Story: Slow Poison in Progress' अपनी रिलीज से पहले विवादों में घिर गई है। फिल्म के टीज़र में भारतीय कृषि, कीटनाशकों और खाद्य सुरक्षा से जुड़े दावों पर कृषि रसायन उद्योग के प्रमुख संगठन ने कड़ी आपत्ति जताई है। संगठन ने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से फिल्म को प्रमाणन देने से पहले इसकी सामग्री की गहन समीक्षा करने की मांग की है।
टीज़र के दावों पर उठे सवाल
एग्रो केम फेडरेशन ऑफ इंडिया (ACFI) का कहना है कि फिल्म के टीज़र और प्रचार सामग्री में भारतीय कृषि व्यवस्था, कीटनाशकों के उपयोग और खाद्य सुरक्षा को लेकर ऐसे दावे किए गए हैं, जिन्हें वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित नहीं बताया गया है। संगठन का आरोप है कि फिल्म आधुनिक खेती और सार्वजनिक स्वास्थ्य समस्याओं के बीच सीधा संबंध स्थापित करती है, जिससे किसानों और कृषि क्षेत्र की छवि प्रभावित हो सकती है।
CBFC से विस्तृत जांच की मांग
संगठन ने CBFC अध्यक्ष को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि फिल्म को प्रमाणपत्र देने से पहले उसकी सामग्री की विस्तार से जांच की जाए। उनका कहना है कि यदि बिना पर्याप्त वैज्ञानिक आधार के ऐसे दावे प्रस्तुत किए जाते हैं, तो इससे भारतीय कृषि, खाद्य सुरक्षा प्रणाली और कृषि उत्पादों की विश्वसनीयता पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।
पहले भी भेजा जा चुका है कानूनी नोटिस
यह पहली बार नहीं है जब फिल्म विवादों में आई हो। इससे पहले भी फिल्म के निर्माताओं को कानूनी नोटिस भेजा गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि टीज़र में भारतीय कृषि, डेयरी और पोल्ट्री उद्योग को लेकर अतिरंजित और भ्रामक दावे किए गए हैं। साथ ही यह भी मांग की गई थी कि विवादित हिस्सों में संशोधन किए बिना फिल्म को प्रमाणन न दिया जाए।
क्या है फिल्म की कहानी?
निर्देशक चेतन डीके की इस फिल्म में काजल अग्रवाल और श्रेयस तलपड़े मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म की कहानी कीटनाशकों के उपयोग, खाद्य पदार्थों में मिलावट और इनके संभावित स्वास्थ्य प्रभावों के मुद्दे पर आधारित है। निर्माताओं का कहना है कि फिल्म का उद्देश्य खाद्य सुरक्षा और सार्वजनिक स्वास्थ्य पर चर्चा को आगे बढ़ाना है। फिल्म 24 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।