GTA 6 का इंतजार खत्म होने वाला! आज से शुरू हुई प्री-लोडिंग, 19 नवंबर को होगा लॉन्च, जानें डाउनलोड का समय और जरूरी डिटेल्स
गेमिंग की दुनिया के सबसे चर्चित वीडियो गेम्स में शामिल Grand Theft Auto 6 (GTA 6) का इंतजार अब खत्म होने वाला है। गेम डेवलपर कंपनी Rockstar Games ने खिलाड़ियों को बड़ी खुशखबरी देते हुए GTA 6 की डिजिटल प्री-लोडिंग तय समय से दो दिन पहले शुरू करने का ऐलान किया है। अब जिन गेमर्स ने इस गेम को पहले से प्री-ऑर्डर किया है, वे 10 नवंबर 2026 से इसे अपने कंसोल पर डाउनलोड कर सकते हैं।
कंपनी ने पहले प्री-लोडिंग के लिए 12 नवंबर की तारीख निर्धारित की थी, लेकिन अब इसे बदलकर 10 नवंबर कर दिया गया है। इसका फायदा यह होगा कि खिलाड़ी गेम की आधिकारिक रिलीज से पहले ही इसकी फाइलें डाउनलोड कर सकेंगे और लॉन्च के दिन बिना लंबे डाउनलोड का इंतजार किए गेम खेल पाएंगे।
भारत में किस समय शुरू होगी GTA 6 की प्री-लोडिंग?
Rockstar Games की आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, PlayStation 5 और Xbox Series X/S के लिए प्री-लोडिंग का समय अलग-अलग निर्धारित किया गया है।
PlayStation 5 यूजर्स के लिए GTA 6 की डिजिटल प्री-लोडिंग 10 नवंबर को स्थानीय समयानुसार रात 12 बजे से उपलब्ध है। वहीं, Xbox Series X और Series S के लिए प्री-लोडिंग 10 नवंबर को सुबह 12 बजे GMT से शुरू हुई।
भारतीय समय के अनुसार, PS5 यूजर्स 10 नवंबर की रात 12 बजे से गेम डाउनलोड कर सकते हैं, जबकि Xbox यूजर्स के लिए यह सुविधा सुबह 5:30 बजे से उपलब्ध हो चुकी है।
GTA 6 डाउनलोड करने के लिए चाहिए 212GB तक स्टोरेज
GTA 6 का फाइल साइज भी गेमर्स के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। Rockstar Games के अनुसार, गेम को प्री-लोड करने के लिए कंसोल के हिसाब से 212GB तक स्टोरेज की जरूरत पड़ सकती है।
ऐसे में खिलाड़ियों को डाउनलोड शुरू करने से पहले अपने PS5 या Xbox में पर्याप्त खाली जगह सुनिश्चित करनी होगी। गेम का बड़ा साइज होने के कारण तेज और स्थिर इंटरनेट कनेक्शन भी उपयोगी रहेगा।
PS5 और Xbox पर कैसे डाउनलोड करें GTA 6?
GTA 6 की डिजिटल प्री-लोडिंग के लिए खिलाड़ियों को पहले गेम का प्री-ऑर्डर करना होगा। इसके लिए PlayStation Store या Xbox Store का इस्तेमाल किया जा सकता है।
PS5 यूजर्स अपनी Game Library में जाकर Grand Theft Auto VI का चयन कर सकते हैं। यहां प्री-ऑर्डर किए गए गेम की जानकारी और ऑटो-डाउनलोड का विकल्प दिखाई देगा। डाउनलोड के लिए कंसोल को Rest Mode में भी रखा जा सकता है, बशर्ते इंटरनेट कनेक्शन की आवश्यक सेटिंग चालू हो।
वहीं, Xbox Series X/S यूजर्स को अपनी गेम लाइब्रेरी में GTA 6 का चयन करना होगा। ऑटोमैटिक डाउनलोड और अपडेट की सेटिंग सक्रिय रखने पर गेम की फाइलें प्री-लोड की जा सकेंगी।
फिजिकल कॉपी खरीदने वालों को 12 नवंबर तक करना होगा इंतजार
GTA 6 का फिजिकल वर्जन खरीदने की योजना बना रहे खिलाड़ियों को डिजिटल प्री-ऑर्डर करने वालों की तुलना में थोड़ा अधिक इंतजार करना होगा। कंपनी के अनुसार, गेम का फिजिकल Code-in-Box एडिशन 12 नवंबर से उपलब्ध होना निर्धारित है।
हालांकि, इस बार बॉक्स में गेम की डिस्क नहीं मिलेगी। इसकी जगह डिजिटल डाउनलोड कोड दिया जाएगा। खिलाड़ी इस कोड को रिडीम करके गेम डाउनलोड कर सकेंगे।
19 नवंबर को लॉन्च होगा GTA 6
Rockstar Games ने पुष्टि की है कि Grand Theft Auto VI को 19 नवंबर 2026 को PlayStation 5 और Xbox Series X/S के लिए रिलीज किया जाएगा।
गेम की कहानी काल्पनिक अमेरिकी राज्य लियोनिडा और मशहूर वाइस सिटी की पृष्ठभूमि पर आधारित होगी। इसमें जेसन और लूसिया नाम के दो मुख्य किरदार नजर आएंगे। गेम में ओपन-वर्ल्ड एक्सप्लोरेशन, अपराध और रोमांच से भरपूर कहानी देखने को मिलेगी।