{"vars":{"id": "130921:5012"}}

ये नया हिंदुस्तान है...रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ का टीजर रिलीज

 
मुंबई। रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर फिल्म धुरंधर ने पिछले साल बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया था। 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई के साथ यह सबसे बड़ी हिंदी फिल्म बनी। अब दर्शकों के सामने इसका सीक्वल ‘धुरंधर: द रिवेंज’ आने वाला है। 3 फरवरी 2026 को फिल्म का टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर हलचल मच गई। टीजर में रणवीर सिंह एक बार फिर अपने खतरनाक और उग्र अंदाज में नजर आ रहे हैं, हालांकि फैंस की प्रतिक्रियाएं इस बार मिली-जुली देखने को मिल रही हैं।

टीजर में क्या खास?

धुरंधर 2 का टीजर रणवीर सिंह के किरदार के शुरुआती दिनों से शुरू होता है, जहां उन्हें ट्रेनिंग के दौर में जवान अवतार में दिखाया गया है। इसके बाद कहानी आगे बढ़ती है और हमजा मजारी अली के टाउन पर कब्जे की झलक मिलती है। टीजर में कई जगह रणवीर को रहमान डकैत की जगह लेते हुए दिखाया गया है।

कुछ सीन्स में पहली फिल्म की पुरानी झलकियां भी दिखाई गई हैं, जिससे कहानी को आगे बढ़ाया गया है। टीजर के अंत में रणवीर सिंह की दमदार डायलॉग एंट्री होती है “ये नया हिंदुस्तान है, ये घर में घुसेगा भी और मारेगा भी।” तेज रफ्तार एक्शन और दमदार बैकग्राउंड म्यूजिक टीजर को और प्रभावशाली बनाता है।

फैंस की मिली-जुली प्रतिक्रिया

टीजर सामने आते ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर फैंस के रिएक्शन आने लगे। कुछ दर्शक रणवीर के एक्शन अवतार से बेहद प्रभावित दिखे, तो कुछ ने निराशा जताई। कई यूजर्स का कहना है कि टीजर में पहली धुरंधर के कई पुराने सीन्स दोहराए गए हैं, जिससे कुछ नया नजर नहीं आता। वहीं कुछ लोग मीम्स बनाकर मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। इसके उलट, बड़ी संख्या में ऐसे फैंस भी हैं जो फिल्म के रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

TOXIC से सीधी टक्कर

धुरंधर: द रिवेंज और साउथ सुपरस्टार यश की फिल्म TOXIC एक ही दिन यानी 19 मार्च 2026 को रिलीज होने वाली हैं। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर दोनों फिल्मों की तुलना शुरू हो गई है। कुछ लोग TOXIC को ज्यादा दमदार बता रहे हैं, तो कुछ रणवीर सिंह की फिल्म को लेकर बेहद उत्साहित हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि बॉक्स ऑफिस पर किस फिल्म का दबदबा बनता है।

क्या कायम रहेगी पहली फिल्म की विरासत?

पहली धुरंधर ने देशभक्ति, जासूसी और बदले की कहानी से दर्शकों को खूब जोड़ा था। सीक्वल में भी ज्यादा एक्शन, ड्रामा और रिवेंज का वादा किया गया है। फिल्म का निर्देशन एक बार फिर आदित्य धर कर रहे हैं। रणवीर सिंह के अलावा फिल्म में संजय दत्त और अर्जुन रामपाल जैसे बड़े सितारे भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

धुरंधर की ऐतिहासिक सफलता

धुरंधर ने रिलीज के साथ ही कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। फिल्म ने भारत में 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा और दुनियाभर में करीब 1300 करोड़ रुपये की कमाई की थी। खास बात यह रही कि सीमित बजट के बावजूद फिल्म ने यह मुकाम हासिल किया।

ओटीटी पर भी रही धूम

थिएटर रिलीज के बाद धुरंधर नेटफ्लिक्स पर भी छा गई थी। रिलीज के 24 घंटे के भीतर ही यह प्लेटफॉर्म पर नंबर-1 ट्रेंड करने लगी। भारत के साथ-साथ विदेशों में भी फिल्म को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला, यहां तक कि कुछ देशों में बैन होने के बावजूद ओटीटी पर इसकी लोकप्रियता बनी रही।