EX संग क्यों टूटा Uditi Singh का रिश्ता? Bigg Boss 20 में बताया- पार्टनर ही करते थे डिमोटिवेट
मुंबई: ‘बिग बॉस 20’ के हालिया एपिसोड में उदिति सिंह ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी कई बातें साझा कीं। बातचीत के दौरान उन्होंने अपने एक्स बॉयफ्रेंड के साथ रिश्ते और उसके टूटने की वजहों पर खुलकर बात की। उदिति ने कहा कि उनके लिए यह ब्रेकअप किसी बुरे दौर से ज्यादा जिंदगी का एक अहम मोड़ साबित हुआ।
उदिति ने अपने ब्रेकअप को ‘ब्लेसिंग इन डिस्गाइज’ बताते हुए कहा कि अलग होने के बाद उनकी निजी जिंदगी और करियर, दोनों में कई बदलाव आए। उन्होंने यह भी बताया कि लॉकडाउन के दौरान एक्स पार्टनर के साथ उनके रिश्ते में तनाव काफी बढ़ गया था।
लॉकडाउन में इन बातों पर होती थी लड़ाई
उदिति ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान उन्होंने और उनके एक्स पार्टनर ने नोआ नाम का गोल्डन रिट्रीवर डॉग गोद लिया था। हालांकि, पेट की देखभाल को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होने लगे।
उन्होंने कहा कि कुत्ते की देखभाल के अलावा सफाई को लेकर दोनों की सोच अलग थी, जिसकी वजह से भी रिश्ते में तनाव पैदा होता था। उदिति के मुताबिक, लॉकडाउन में साथ ज्यादा समय बिताने के कारण छोटी-छोटी बातें भी विवाद की वजह बनने लगी थीं।
'पार्टनर ही कर रहा था डिमोटिवेट'
उदिति ने अपने पुराने रिश्ते की एक और मुश्किल का जिक्र करते हुए कहा कि उनके एक्स पार्टनर का व्यवहार कई बार उन्हें हतोत्साहित करता था। उनके मुताबिक, उन्हें ऐसी बातें सुनने को मिलती थीं कि 'आप नहीं कर पाओगी, आपको नहीं आता।'
उदिति ने बताया कि जिस रिश्ते में उन्हें पार्टनर से सपोर्ट की उम्मीद थी, वहां कई बार उन्हें उल्टा निराशा महसूस होती थी। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों के बीच उम्र का अंतर रिश्ते पर असर डालने वाली वजहों में से एक था।
'कभी-कभी रिश्ते बचाने की कोशिश भी काम नहीं आती'
उदिति ने रिश्तों को लेकर कहा कि कई बार दो लोग अपनी तरफ से पूरी कोशिश करते हैं, लेकिन इसके बावजूद रिश्ता आगे नहीं चल पाता। उन्होंने इसे किस्मत और सही समय से जोड़ते हुए कहा कि जब दो लोगों का साथ होना तय नहीं होता तो परिस्थितियां बिगड़ती चली जाती हैं।
उनके मुताबिक, ब्रेकअप के बाद उन्हें अपनी जिंदगी को नए तरीके से देखने का मौका मिला। इसी वजह से वह इस अनुभव को सिर्फ दर्दनाक घटना के तौर पर नहीं देखतीं, बल्कि इसे अपने जीवन में बदलाव लाने वाला दौर मानती हैं।
करण वाही से ऐसे शुरू हुई थी बातचीत
बिग बॉस 20 में उदिति ने करण वाही के साथ अपनी पहली मुलाकात का किस्सा भी बताया था। उनके मुताबिक, दोनों की बातचीत सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुई थी। उदिति ने लंदन के एक रेस्टोरेंट से जुड़ी जानकारी के लिए करण को इंस्टाग्राम पर मैसेज किया था।
उस समय करण लंदन में ही थे। बातचीत आगे बढ़ी और करीब दो महीने बाद दोनों ने डेटिंग शुरू कर दी। हालांकि, शुरुआत में दोनों ने अपने रिश्ते को सार्वजनिक नहीं किया था। जनवरी 2020 में करण वाही ने सोशल मीडिया पर उदिति के साथ एक तस्वीर शेयर की, जिसके बाद दोनों के रिश्ते की चर्चा सार्वजनिक तौर पर होने लगी।