‘केडीः द डेविल’ के गाने ‘सरके चुनर’ पर बवाल, NHRC का एक्शन—CBFC समेत कई एजेंसियों को नोटिस
नई दिल्ली। फिल्म ‘केडीः द डेविल’ का गाना ‘सरके चुनर’ रिलीज होते ही विवादों में घिर गया है। गाने में कथित अश्लील और दोहरे अर्थ वाले बोलों को लेकर शिकायत मिलने के बाद राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने कड़ा रुख अपनाया है। आयोग ने इस मामले में केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC), इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और Google India को नोटिस जारी किया है।
एनएचआरसी की सदस्य प्रियंक कानूनगो की अध्यक्षता वाली पीठ ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए कहा कि गाने के बोल बच्चों और किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य पर नकारात्मक असर डाल सकते हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस गाने में अश्लीलता और डबल मीनिंग शब्दों का प्रयोग किया गया है, जो समाज में गलत संदेश दे सकता है।
आयोग के अनुसार, यह गाना टीवी, इंटरनेट और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर आसानी से उपलब्ध था, जिससे नाबालिगों तक इसकी पहुंच संभव है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस तरह के कंटेंट की बढ़ती प्रवृत्ति युवाओं के बीच अनुचित भाषा और व्यवहार को सामान्य बना रही है, जो एक गंभीर सामाजिक चिंता का विषय है।
एनएचआरसी ने स्पष्ट किया कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह नाबालिगों के अधिकारों के उल्लंघन का मामला बन सकता है। इसी आधार पर आयोग ने मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम, 1993 की धारा-12 के तहत संबंधित एजेंसियों को जांच के निर्देश दिए हैं। सभी संबंधित विभागों से दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।
इस विवाद के बढ़ने के बाद फिल्म के निर्माताओं ने बड़ा कदम उठाते हुए ‘सरके चुनर’ गाने को यूट्यूब से हटा दिया है। यह गाना संजय दत्त और नोरा फतेही पर फिल्माया गया था और रिलीज के बाद से ही आलोचनाओं का सामना कर रहा था। गाने को गायिका मंगली ने आवाज दी है, जबकि इसके बोल रकीब आलम ने लिखे हैं और संगीत अर्जुन जन्या ने तैयार किया है।
वहीं, इस मामले में वकील और सामाजिक कार्यकर्ता विनीत जिंदल ने दिल्ली पुलिस की साइबर सेल में भी शिकायत दर्ज कराई है और गाने के निर्माताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
राजनीतिक और फिल्मी जगत से भी इस विवाद पर प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत ने कहा कि इस तरह के कंटेंट पर सख्त नियंत्रण की जरूरत है, ताकि समाज में स्वस्थ मनोरंजन को बढ़ावा दिया जा सके।
बताया जा रहा है कि फिल्म का निर्देशन प्रेम ने किया है, जिसमें ध्रुव सरजा मुख्य भूमिका में हैं। इसके अलावा फिल्म में संजय दत्त, शिल्पा शेट्टी, वी रविचंद्रन और नोरा फतेही जैसे बड़े सितारे भी नजर आएंगे।
फिल्म ‘केडीः द डेविल’ 30 अप्रैल को कन्नड़, हिंदी, तमिल और तेलुगु समेत कई भाषाओं में रिलीज होने वाली है। फिलहाल, गाने को लेकर बढ़ते विवाद ने फिल्म की रिलीज से पहले ही चर्चाओं को तेज कर दिया है।