{"vars":{"id": "130921:5012"}}

क्या ‘मिर्जापुर’ में खलेगी विक्रांत मैसी की कमी? बोली हर्षिता गौड़- शुरुआत में उनकी कमी महसूस हुई, फिर...

 

‘मिर्जापुर’ के फैंस लंबे समय से फिल्म के रिलीज होने का इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच फिल्म की कास्ट में हुए बदलाव ने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। फिल्म में विक्रांत मैसी की जगह अब जीतेंद्र कुमार नजर आएंगे। इस बदलाव के बाद सबसे बड़ा सवाल यही था कि ‘मिर्जापुर’ की पुरानी केमिस्ट्री नए कलाकार के साथ कैसी दिखेगी। अब डिंपल का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री हर्षिता गौड़ ने इस बदलाव को लेकर खुलकर बात की है।

हर्षिता गौड़ ने India TV को दिए इंटरव्यू में बताया कि जब उन्हें पता चला कि विक्रांत मैसी फिल्म का हिस्सा नहीं होंगे, तो उन्हें भी उनकी कमी महसूस हुई। उन्होंने कहा कि उनके मन में भी यही ख्याल आया था कि काश विक्रांत इस फिल्म में साथ होते। हालांकि, जब जीतेंद्र कुमार को यह भूमिका मिली और उनके साथ शूटिंग शुरू हुई, तो अनुभव काफी अच्छा रहा।

अभिनेत्री के मुताबिक, शुरुआत में विक्रांत का नाम जेहन में आना स्वाभाविक था, क्योंकि वह लंबे समय तक ‘मिर्जापुर’ का हिस्सा रहे हैं। लेकिन जीतेंद्र ने अपने काम से अलग पहचान बनाने में कामयाबी हासिल की। हर्षिता ने उन्हें एक बेहतरीन अभिनेता बताया और कहा कि उन्होंने अपने किरदार में पूरी मेहनत और दिल लगाया है।

क्या विक्रांत मैसी की कमी महसूस करेंगे फैंस?

हर्षिता गौड़ का मानना है कि विक्रांत के पुराने फैंस उन्हें जरूर मिस करेंगे। आखिरकार उन्होंने ‘मिर्जापुर’ की कहानी और किरदारों के साथ लंबे समय तक दर्शकों का जुड़ाव बनाए रखा है। हालांकि, हर्षिता को भरोसा है कि जीतेंद्र कुमार की परफॉर्मेंस देखने के बाद दर्शक निराश नहीं होंगे।

उन्होंने कहा कि दर्शक फिल्म देखकर थिएटर से इस सोच के साथ बाहर नहीं निकलेंगे कि जीतेंद्र ने अच्छा काम नहीं किया। उनके मुताबिक, जीतेंद्र ने अपने किरदार के लिए काफी मेहनत की है और फिल्म में उनका काम दर्शकों को देखने लायक लगेगा।

‘मिर्जापुर’ की टीम में आसानी से घुले-मिले जीतेंद्र

‘मिर्जापुर’ की टीम के कई कलाकार पिछले 8-9 सालों से एक-दूसरे के साथ काम कर रहे हैं। ऐसे में किसी नए कलाकार के लिए इस ग्रुप का हिस्सा बनना थोड़ा चुनौतीपूर्ण हो सकता है। लेकिन हर्षिता ने बताया कि जीतेंद्र ने टीम में इतनी आसानी से अपनी जगह बना ली कि कभी ऐसा महसूस ही नहीं हुआ कि वह नए हैं।

अभिनेत्री के मुताबिक, जीतेंद्र जल्द ही पूरी टीम के साथ घुल-मिल गए और उनका व्यवहार ऐसा था, जैसे वह शुरुआत से ही इस ग्रुप का हिस्सा रहे हों। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि जीतेंद्र कुमार का नया अंदाज ‘मिर्जापुर’ के फैंस को कितना पसंद आता है और क्या वह विक्रांत मैसी की बनाई छाप को अपने अभिनय से अलग अंदाज में कायम कर पाते हैं।