{"vars":{"id": "130921:5012"}}

Stock Market Today: गिरावट के बाद धमाकेदार ओपनिंग- बाजार में हरियाली, निवेशकों की लौटी मुस्कान

गुरुवार की भारी गिरावट के बाद 20 मार्च को शेयर बाजार ने शानदार वापसी की। सेंसेक्स 900 अंक तक उछला और निफ्टी 23250 के पार पहुंच गया। बैंकिंग, आईटी और मेटल शेयरों में तेजी देखने को मिली, जिससे बाजार में फिर से सकारात्मक माहौल बन गया।

 

Stock Market Today: गुरुवार की भारी गिरावट के बाद शुक्रवार, 20 मार्च को शेयर बाजार ने शानदार वापसी की। बाजार की शुरुआत गैप-अप ओपनिंग के साथ हुई, जिससे निवेशकों में उत्साह लौट आया।

सेंसेक्स 352.14 अंकों की तेजी के साथ 74,559.38 के स्तर पर खुला, जबकि निफ्टी 50 इंडेक्स 108 अंक बढ़कर 23,110.15 पर पहुंच गया। बाजार खुलने के महज पांच मिनट के भीतर ही सेंसेक्स करीब 900 अंक तक उछल गया, वहीं निफ्टी 50 इंडेक्स 23,250 के स्तर को पार कर गया।

इससे पहले गुरुवार को बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 2,496.89 अंक या 3.25% टूटकर 74,207.24 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 50 इंडेक्स 775.65 अंक या 3.26% गिरकर 23,002.15 पर आ गया था।

शुक्रवार के शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स पैक के अधिकांश शेयरों में तेजी रही। टाटा स्टील में 3.5% से अधिक की बढ़त दर्ज की गई, जबकि टेक महिंद्रा और SBI के शेयरों में 2.5% से ज्यादा उछाल देखा गया। इसके अलावा इन्फोसिस और L&T के शेयर भी 2% से अधिक बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए। वहीं, HDFC बैंक के शेयरों में 1% से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई।

सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो बैंकिंग, आईटी, मेटल और पीएसयू बैंक सेक्टर में सबसे अधिक तेजी देखने को मिली। इसके साथ ही FMCG और हेल्थकेयर जैसे डिफेंसिव सेक्टर भी मजबूती के साथ कारोबार करते रहे।