{"vars":{"id": "130921:5012"}}

बैंक FD से ज्यादा रिटर्न चाहिए? जानिए बॉन्ड में निवेश के 6 आसान तरीके

बॉन्ड में निवेश करना चाहते हैं? जानिए भारत में खुदरा निवेशकों के लिए सरकारी और कॉरपोरेट बॉन्ड खरीदने के छह तरीके। स्टॉक एक्सचेंज, ऑनलाइन बॉन्ड प्लेटफॉर्म, RBI Retail Direct, सरकारी नीलामी और बैंक शाखा के जरिए निवेश की प्रक्रिया, संभावित रिटर्न और जरूरी सावधानियों की पूरी जानकारी यहां पढ़ें।

 

निवेश के लिए बैंक एफडी और दूसरी पारंपरिक योजनाओं को सुरक्षित विकल्प माना जाता है, लेकिन इनमें मिलने वाला रिटर्न अक्सर सीमित रहता है। ऐसे में बॉन्ड बाजार खुदरा निवेशकों के लिए एक नए विकल्प के तौर पर उभरा है। अब आम निवेशक भी सरकारी और कंपनियों के बॉन्ड में कई माध्यमों से पैसा लगा सकते हैं। सरकारी बॉन्ड में जहां अपेक्षाकृत कम रिटर्न के साथ सुरक्षा मिलती है, वहीं कंपनियों के बॉन्ड में ज्यादा रिटर्न की संभावना रहती है, लेकिन इनके साथ जोखिम भी जुड़ा होता है।

क्या होते हैं बॉन्ड और कैसे मिलता है रिटर्न?

द बॉन्ड प्रोजेक्ट के संस्थापक रूबिन तलाती के मुताबिक, बॉन्ड एक तरह का कर्ज होता है। इसमें निवेश करने वाला व्यक्ति उस सरकार या कंपनी को पैसा उधार देता है, जो बॉन्ड जारी करती है। इसके बदले निवेशक को तय शर्तों के अनुसार ब्याज मिलता है और निर्धारित अवधि पूरी होने पर मूल रकम लौटाई जाती है।

अगर कोई निवेशक भारत सरकार के बॉन्ड में पैसा लगाता है, तो वह सरकार को कर्ज देता है। इसमें सुरक्षा का स्तर अधिक होता है, लेकिन रिटर्न तुलनात्मक रूप से कम रहता है। दूसरी ओर, किसी कंपनी के बॉन्ड में निवेश करने पर ज्यादा रिटर्न मिल सकता है। हालांकि, निवेश से पहले यह जांचना जरूरी है कि संबंधित कंपनी कर्ज चुकाने की स्थिति में है या नहीं।

फिलहाल सरकारी बॉन्ड पर करीब 7 प्रतिशत तक रिटर्न मिल रहा है, जबकि कुछ कंपनियां अपने बॉन्ड पर सालाना 12 प्रतिशत तक रिटर्न दे रही हैं।

कौन-कौन जारी करता है बॉन्ड?

भारत में केंद्र और राज्य सरकारों के अलावा सूचीबद्ध कंपनियां, बैंक और अन्य संस्थाएं भी बॉन्ड जारी करती हैं। इनमें सरकारी बॉन्ड, ट्रेजरी बिल, राज्य सरकारों के लोन से जुड़े बॉन्ड, कॉरपोरेट बॉन्ड और सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड शामिल हैं। इसके अलावा अब म्युनिसिपल यानी नगर निगम बॉन्ड भी जारी किए जाते हैं।

खुदरा निवेशक नए जारी होने वाले बॉन्ड के साथ पहले से बाजार में उपलब्ध बॉन्ड में भी निवेश कर सकते हैं। इनमें न्यूनतम निवेश की रकम और एक इकाई की कीमत बॉन्ड के प्रकार के अनुसार अलग-अलग हो सकती है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, कुछ बॉन्ड में 100 रुपये से लेकर 10,000 रुपये तक की एक इकाई खरीदी जा सकती है।

बॉन्ड में निवेश करने के 6 तरीके

1. स्टॉक एक्सचेंज या ब्रोकर के जरिए

निवेशक स्टॉक एक्सचेंज या स्टॉक ब्रोकर की मदद से पहले से जारी और सूचीबद्ध बॉन्ड खरीद सकते हैं। इस माध्यम से सरकारी बॉन्ड, ट्रेजरी बिल, राज्य सरकारों के लोन से जुड़े बॉन्ड, सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड और कंपनियों के बॉन्ड में निवेश किया जा सकता है। ये बॉन्ड सामान्य तौर पर एनएसई और बीएसई के कैश सेगमेंट में ट्रेड होते हैं। इसके लिए निवेशक के पास डीमैट खाता होना जरूरी है।

2. ऑनलाइन बॉन्ड प्लेटफॉर्म के जरिए

कई वेबसाइट और मोबाइल एप खुदरा निवेशकों को सूचीबद्ध बॉन्ड खरीदने की सुविधा देते हैं। सेबी इन्हें ऑनलाइन बॉन्ड प्लेटफॉर्म प्रोवाइडर (OBPP) कहता है। इन प्लेटफॉर्म को सेबी के पास डेट श्रेणी में स्टॉक ब्रोकर के तौर पर पंजीकृत होना जरूरी है। निवेशक इनके माध्यम से उपलब्ध बॉन्ड की जानकारी लेकर निवेश कर सकते हैं।

3. कंपनियों के सार्वजनिक निर्गम में निवेश

कंपनियां नए बॉन्ड सार्वजनिक निर्गम के जरिए भी जारी करती हैं। इन्हें गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर (NCD) कहा जाता है। इनका तरीका काफी हद तक आईपीओ जैसा होता है। कंपनी एक निश्चित अवधि के लिए निवेश के आवेदन आमंत्रित करती है। निवेशक इस अवधि के दौरान एनएसई और बीएसई के माध्यम से उपलब्ध जानकारी के आधार पर आवेदन कर सकते हैं।

4. आरबीआई की नीलामी के जरिए

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) केंद्र सरकार के नए बॉन्ड, ट्रेजरी बिल और राज्य सरकारों के लोन से जुड़े बॉन्ड की नीलामी आयोजित करता है। खुदरा निवेशक अपने ब्रोकर, एनएसई के गोबिड वेब पोर्टल या बीएसई डायरेक्ट के जरिए इन बॉन्ड में निवेश कर सकते हैं।

5. RBI रिटेल डायरेक्ट प्लेटफॉर्म

खुदरा निवेशकों की बॉन्ड बाजार में भागीदारी बढ़ाने के लिए आरबीआई ने 12 नवंबर 2021 को रिटेल डायरेक्ट प्लेटफॉर्म लॉन्च किया था। इस पर निवेशक पैन नंबर, केवाईसी और बचत खाते की जानकारी देकर अपना खाता खोल सकते हैं। इसके लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता है।

इस प्लेटफॉर्म के जरिए केंद्र सरकार के नए बॉन्ड, ट्रेजरी बिल, राज्य सरकारों के लोन से जुड़े बॉन्ड, आरबीआई के फ्लोटिंग रेट सेविंग्स बॉन्ड और पहले से जारी सरकारी बॉन्ड में निवेश किया जा सकता है।

6. बैंक शाखा के जरिए निवेश

आरबीआई के फ्लोटिंग रेट सेविंग्स बॉन्ड में बैंक शाखा के माध्यम से भी निवेश किया जा सकता है। यह सुविधा 1 जुलाई 2020 से उपलब्ध है। हालांकि, इसके लिए आरबीआई की ओर से नामित बैंक की शाखा में जाना जरूरी है।

निवेश से पहले इन बातों का रखें ध्यान

बॉन्ड में निवेश करने से पहले उसके जारीकर्ता की वित्तीय स्थिति, ब्याज दर और भुगतान की शर्तों को समझना जरूरी है। सरकारी बॉन्ड और कंपनियों के बॉन्ड में जोखिम का स्तर अलग-अलग हो सकता है। खासकर कॉरपोरेट बॉन्ड में ज्यादा रिटर्न के साथ भुगतान से जुड़ा जोखिम भी हो सकता है। 

DISCLAIMER: यह लेख केवल जानकारी के उद्देश्य से है। निवेश करने से पहले वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें।