{"vars":{"id": "130921:5012"}}

अमेरिका में 17 वर्षीय किशोर ने किया मां और भाई का मर्डर, ChatGPT पर सर्च किया था परिवार को मारने का तरीका!

 

अमेरिका के मैसाचुसेट्स में भारतीय मूल के 17 वर्षीय किशोर पर अपनी मां और छोटे भाई की कथित हत्या का मामला दर्ज किया गया है। एक्टन में हुई इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी अर्जुन अरविंद पर दो हत्या के आरोपों के अलावा परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट और हिंसा, बिना अनुमति वाहन इस्तेमाल करने और वाहन चोरी करने के आरोप भी लगाए गए हैं।

अधिकारियों के अनुसार, घटना 11 अगस्त को एक्टन के मार्था लेन स्थित घर में हुई। पुलिस को सूचना मिलने के बाद घर पहुंचने पर 45 वर्षीय सुधा वेंकटेशन और उनके 14 वर्षीय बेटे सिद्धार्थ अरविंद मृत मिले। पुलिस के मुताबिक, दोनों के शरीर पर स्पष्ट चोट के निशान थे। हालांकि, मेडिकल एग्जामिनर ने अभी मौत के सही कारण और तरीके की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

परिवार से संपर्क नहीं होने पर पिता ने दी सूचना

मिडलसेक्स डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी मैरियन रयान और एक्टन पुलिस चीफ डगलस स्टर्नियोलो के मुताबिक, 11 अगस्त की शाम करीब 6:37 बजे आरोपी के पिता ने पुलिस से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि वह अपने परिवार के सदस्यों से संपर्क नहीं कर पा रहे थे। घर पर आने वाले एक ट्यूटर ने भी किसी से संपर्क नहीं होने की जानकारी दी थी।

अधिकारियों के मुताबिक, पिता ने मंगलवार सुबह काम पर जाने से पहले सुधा से बात की थी, जबकि सिद्धार्थ को आखिरी बार दोपहर के आसपास देखा गया था। पुलिस जब घर पहुंची तो दोनों के शव अलग-अलग जगहों पर मिले। सिद्धार्थ का शव पहली मंजिल पर और सुधा का शव बेसमेंट में मिला।

मां की कार लेकर फरार हुआ था आरोपी

पुलिस के घर पहुंचने तक अर्जुन वहां मौजूद नहीं था। जांचकर्ताओं को पता चला कि वह अपनी मां की कार लेकर निकल गया है। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और अलर्ट जारी किया।

अगली सुबह मैसाचुसेट्स के वेलैंड में एक पार्किंग लॉट में पुलिस ने आरोपी को उसकी मां की कार के साथ पकड़ लिया। स्थानीय पुलिस वहां एक अलग मामले से जुड़े अलार्म की सूचना पर पहुंची थी। अधिकारियों के मुताबिक, अर्जुन को बिना किसी घटना के हिरासत में ले लिया गया।

जांच के दौरान अधिकारियों को यह भी पता चला कि आरोपी हाल के दिनों में कथित तौर पर चिंताजनक व्यवहार कर रहा था।

परिवार की हत्या से जुड़ी चीजें सर्च करने का दावा

मिडलसेक्स काउंटी डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी ऑफिस के बयान के अनुसार, जांचकर्ताओं को कथित तौर पर ऐसे संकेत मिले हैं कि अर्जुन इंटरनेट पर अपने परिवार की हत्या से जुड़ी ‘फैमिली किलिंग फैंटसीज’ के तरीकों के बारे में जानकारी खोज रहा था। अधिकारियों ने दावा किया है कि इस सिलसिले में उसने इंटरनेट और ChatGPT का भी इस्तेमाल किया।

हालांकि, इस मामले में ऑनलाइन गतिविधियों और कथित हत्या के बीच संबंधों की जांच अभी जारी है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट नहीं किया है कि कथित हमले में किस हथियार का इस्तेमाल हुआ।

नाबालिग होने के बावजूद गंभीर कानूनी कार्रवाई

अर्जुन के नाबालिग होने के कारण मामले की कानूनी प्रक्रिया जुवेनाइल कोर्ट से शुरू हो सकती है। हालांकि, अधिकारियों के मुताबिक जुवेनाइल कोर्ट के पास हत्या के आरोपों पर सुनवाई का अधिकार नहीं है। इसलिए उसे बाद में कॉनकॉर्ड डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में हत्या और संबंधित आरोपों का सामना करना पड़ सकता है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की पूरी वजह, घटनाक्रम और कथित हथियार से जुड़े सवालों के जवाब जुटाए जा रहे हैं।