{"vars":{"id": "130921:5012"}}

कुछ घंटों में दूसरी बार हिली इंडोनेशिया की धरती, पहले 7.7 फिर 6.8 तीव्रता का आया भूकंप, 38 की मौत

 

इंडोनेशिया में शनिवार को एक बार फिर तेज भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। नॉर्थ सुमात्रा में 6.8 तीव्रता का भूकंप आया, जो कुछ घंटे पहले आए 7.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप के बाद आया है। पहले भूकंप में कम से कम 38 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (GFZ) के मुताबिक, ताजा भूकंप 163 किलोमीटर की गहराई में दर्ज किया गया।

इससे पहले शनिवार सुबह इंडोनेशिया के फ्लोरेस इलाके के तट के पास तेज भूकंप आया था। इसके बाद नुसा तेंगारा के कुछ हिस्सों में सुनामी की चेतावनी जारी की गई, जिसे बाद में वापस ले लिया गया। भूकंप के झटके कई इलाकों में महसूस किए गए। हालात का जायजा लेने और नुकसान का आकलन करने के लिए अधिकारियों को कुछ अस्पतालों को खाली कराना पड़ा। कई इमारतों को भी नुकसान पहुंचने की खबर है।

भूकंप के बाद लैंडस्लाइड और बिजली गुल

भूकंप के झटकों के बाद कई इलाकों में लैंडस्लाइड और बिजली गुल होने की घटनाएं सामने आई हैं। कुछ क्षेत्रों में संचार व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। भूस्खलन के कारण कई रास्ते बंद हो गए, जिससे राहत और बचाव टीमों को प्रभावित इलाकों तक पहुंचने में मुश्किल हो रही है। बताया जा रहा है कि भूकंप के केंद्र के सबसे नजदीकी इलाकों में शामिल नागेकेओ तक भी रेस्क्यू टीम रास्ते बाधित होने के कारण नहीं पहुंच सकी है।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और तस्वीरों में भूकंप की भयावहता दिखाई दे रही है। कई जगह इमारतें मलबे में तब्दील नजर आ रही हैं, जबकि ढही हुई संरचनाओं से धूल के गुबार उठते दिखे। तेज झटकों के दौरान लोग घबराकर सड़कों की ओर भागते नजर आए। प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान जारी है।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, तालिबुरा निवासी 51 वर्षीय नोना ने भूकंप के अनुभव को बेहद डरावना बताया। उन्होंने कहा कि जब भूकंप आया, तब वह अपने परिवार के साथ घर पर आराम कर रहे थे। अचानक आए तेज झटकों ने सभी को बुरी तरह डरा दिया।