{"vars":{"id": "130921:5012"}}

Florida Plane Crash: टेक CEO की मौत के बाद वायरल हुआ 2023 का ट्वीट, लिखा था- 'Guess I'm dead'

अमेरिका के फ्लोरिडा में विमान हादसे में टेक उद्यमी एडम रॉबिन्सन, उनकी पत्नी, दो बच्चों समेत नौ लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद 2023 में किया गया उनका 'Guess I'm dead' ट्वीट वायरल हो रहा है। जानें एडम रॉबिन्सन कौन थे और विमान दुर्घटना में क्या हुआ।

 

Florida Plane Crash: अमेरिका के फ्लोरिडा में हुए विमान हादसे में टेक उद्यमी एडम रॉबिन्सन की पत्नी, दो बच्चों और अन्य लोगों के साथ मौत हो गई। हादसे के बाद रॉबिन्सन का साल 2023 में किया गया एक पुराना ट्वीट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस पोस्ट में उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा था, 'Guess I'm dead' यानी 'लगता है मैं मर गया हूं'। उस समय यह टिप्पणी एक ऑनलाइन बातचीत के दौरान की गई थी, लेकिन अब उनकी मौत के बाद इस पोस्ट की चर्चा हो रही है।

क्या था एडम रॉबिन्सन का पुराना ट्वीट?

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, 20 जुलाई 2023 को एडम रॉबिन्सन ने ट्विटर, जिसे अब एक्स कहा जाता है, पर एक पोस्ट किया था। यह बातचीत इस सवाल को लेकर थी कि सॉफ्टवेयर कंपनियां कहां बनाई जानी चाहिए।

एक व्यक्ति ने सुझाव दिया था कि सबसे अच्छी टेक कंपनियां तेल अवीव में बनती हैं। इसके जवाब में रॉबिन्सन ने लिखा था, 'I Guess, I'm dead'।

उस समय यह टिप्पणी ऑनलाइन बातचीत का हिस्सा थी। हालांकि, तीन साल बाद फ्लोरिडा में विमान हादसे में उनकी मौत के बाद यह ट्वीट फिर चर्चा में आ गया।

फ्लोरिडा विमान हादसे में 9 लोगों की मौत

रिपोर्ट के मुताबिक, 1 नवंबर को फ्लोरिडा के पाम बीच काउंटी के ग्रीनएकर्स के पास एक Learjet 60 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान सड़क पर गिरा और उसमें सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो पायलट भी शामिल थे।

विमान टेक्सास के ऑस्टिन से रवाना हुआ था और बहामास के नॉर्थ एलेउथेरा जा रहा था। इसमें एडम रॉबिन्सन, उनकी पत्नी हेलेन शार्प, चार साल की बेटी एम्मा और दो साल का बेटा चार्ली सवार थे। इसके अलावा राचेल रीड, चार्मी फेर और बच्चों की देखभाल करने वाली अनिता मारिया सेटिना भी विमान में थीं।

विमान के पायलट 55 वर्षीय जेफ ग्रेगरी और 20 वर्षीय सह-पायलट नथालिया गाडेल्हा फिल्गुएरास की भी हादसे में मौत हो गई।

कौन थे एडम रॉबिन्सन?

एडम रॉबिन्सन टेक्सास के उद्यमी थे। उन्होंने सॉफ्टवेयर और ई-कॉमर्स क्षेत्र में कई कंपनियां स्थापित की थीं। वह Retention.com और RB2B के संस्थापक और CEO के रूप में जाने जाते थे।

Retention.com की शुरुआत उन्होंने जनवरी 2020 में की थी। यह कंपनी ई-कॉमर्स व्यवसायों को उनकी वेबसाइट पर आने वाले उन लोगों की पहचान करने में मदद करती है, जिन्होंने अपनी जानकारी साझा नहीं की होती। सितंबर 2023 में उन्होंने RB2B की स्थापना की, जो वेबसाइट विजिटर्स की पहचान करने से जुड़ा कारोबार करती है। जून 2026 में उन्होंने अपने LinkedIn प्रोफाइल पर MoltSets के CEO के रूप में भी खुद को दर्ज किया था।

इससे पहले, वर्ष 2012 में उन्होंने Robly की सह-स्थापना की थी। यह ईमेल मार्केटिंग और मार्केटिंग ऑटोमेशन कंपनी थी। उन्होंने कंपनी को आगे बढ़ाया और 2021 में इसे एक प्राइवेट इक्विटी फर्म को बेच दिया। टेक कारोबार में आने से पहले रॉबिन्सन Lehman Brothers और Barclays में क्रेडिट ट्रेडर के रूप में काम कर चुके थे।

विमान हादसे की जांच जारी

अमेरिका का नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) विमान हादसे की जांच कर रहा है। जांच में मौसम की स्थिति, विमान पर बर्फ जमने और टर्बुलेंस जैसे संभावित कारकों की पड़ताल की जा रही है।

रिपोर्ट के मुताबिक, जांचकर्ताओं को शुरुआती संकेत मिले हैं कि विमान जमीन से टकराने से पहले उसके कुछ हिस्से टूटने लगे थे। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह अभी सामने नहीं आई है। एडम रॉबिन्सन की मौत के बाद टेक समुदाय में उनके पुराने ट्वीट और कारोबारी सफर को लेकर चर्चा हो रही है।