{"vars":{"id": "130921:5012"}}

ईरान से बातचीत फेल होने के बाद ट्रंप की बड़ी धमकी, बोले- होर्मुज में न कोई जहाज घुसेगा, न निकलेगा

 

वॉशिंगटन: Iran और United States के बीच जारी तनाव अब बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। पाकिस्तान की राजधानी Islamabad में करीब 21 घंटे तक चली शांति वार्ता विफल होने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने बड़ा ऐलान कर दिया है।

ट्रंप ने कहा कि अब अमेरिका जल्द ही Strait of Hormuz में नाकाबंदी करेगा। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि “अब न तो किसी जहाज को अंदर आने दिया जाएगा और न ही बाहर जाने दिया जाएगा।”

न्यूक्लियर मुद्दे पर अटका मामला

ट्रंप के मुताबिक, ईरानी अधिकारियों के साथ बातचीत में ज्यादातर मुद्दों पर सहमति बन गई थी, लेकिन परमाणु कार्यक्रम को लेकर कोई सहमति नहीं बन सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान अपने न्यूक्लियर एजेंडे पर अड़ा हुआ है।

US नेवी करेगी कार्रवाई

अमेरिकी राष्ट्रपति ने ऐलान किया कि US नेवी अब होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों की निगरानी और नाकाबंदी शुरू करेगी। उनका कहना है कि ईरान इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग को सुरक्षित रखने में नाकाम रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि समुद्र में बारूदी सुरंगों (माइंस) के खतरे के कारण शिपिंग गतिविधियां पहले ही प्रभावित हो चुकी हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर असर पड़ सकता है।

सख्त चेतावनी

ट्रंप ने चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी ईरान को “गैर-कानूनी टोल” देगा या अमेरिकी जहाजों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी सेना या किसी भी शांतिपूर्ण जहाज पर हमला करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

मिडिल ईस्ट में बढ़ते इस तनाव का असर वैश्विक तेल आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर पड़ सकता है, जिससे आने वाले दिनों में दुनिया भर के बाजारों में अस्थिरता बढ़ने की आशंका है।