{"vars":{"id": "130921:5012"}}

परमाणु हमला झेलने वाला Air Force One हुआ रिटायर, ट्रंप के लिए तैयार कतर का आलीशान ‘फ्लाइंग व्हाइट हाउस

35 वर्षों तक अमेरिकी राष्ट्रपतियों की सेवा देने वाला Air Force One (VC-25A) विमान रिटायर हो गया है। जी-7 सम्मेलन से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को वापस लाने के बाद इसकी आखिरी उड़ान पूरी हुई। अब कतर का बोइंग 747 विमान अस्थायी रूप से राष्ट्रपति विमान की भूमिका निभाएगा।

 

Air Force One Retired: अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक विमान और दुनिया भर में ‘उड़ते व्हाइट हाउस’ के नाम से मशहूर Air Force One (VC-25A) अब इतिहास का हिस्सा बन गया है। पिछले 35 वर्षों से अमेरिकी राष्ट्रपतियों की सेवा कर रहा यह प्रतिष्ठित बोइंग 747 विमान फ्रांस में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को वापस अमेरिका लाने के बाद अपनी अंतिम उड़ान पूरी कर चुका है। इसके साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति परिवहन के एक महत्वपूर्ण दौर का अंत हो गया।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के संचार निदेशक स्टीवन च्युंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ‘The Last Ride’ शीर्षक के साथ विमान की तस्वीरें साझा कर इसकी विदाई की जानकारी दी।

छह अमेरिकी राष्ट्रपतियों का बना भरोसेमंद साथी

वर्ष 1990 में सेवा में शामिल हुआ VC-25A विमान केवल एक हवाई जहाज नहीं था, बल्कि हवा में उड़ता हुआ व्हाइट हाउस माना जाता था। इस विमान ने जॉर्ज एच. डब्ल्यू. बुश, बिल क्लिंटन, जॉर्ज डब्ल्यू. बुश, बराक ओबामा, जो बाइडन और डोनाल्ड ट्रंप सहित छह अमेरिकी राष्ट्रपतियों की सेवा की।राष्ट्रीय सुरक्षा से लेकर वैश्विक कूटनीति तक, इस विमान ने अमेरिका के कई ऐतिहासिक मिशनों और यात्राओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

परमाणु हमले को झेलने में सक्षम था Air Force One

Air Force One को दुनिया के सबसे सुरक्षित विमानों में गिना जाता है। यह विमान परमाणु हमले और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध जैसी परिस्थितियों में भी संचालन करने की क्षमता रखता था।

विमान में करीब 383 किलोमीटर लंबी विशेष वायरिंग की गई थी, जिसे इलेक्ट्रोमैग्नेटिक हमलों से सुरक्षित रखने के लिए विशेष शील्डिंग से ढका गया था। इसके अलावा इसमें अत्याधुनिक ‘Matador Jammer’ सिस्टम लगा था, जो दुश्मन के रडार और इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम को बाधित करने में सक्षम था।

हवा में भर सकता था ईंधन

इस विमान की सबसे बड़ी विशेषताओं में से एक इसकी एयर-टू-एयर रीफ्यूलिंग क्षमता थी। विमान के अगले हिस्से में विशेष रीफ्यूलिंग वाल्व लगा था, जिसकी मदद से यह उड़ान के दौरान ही टैंकर विमान से ईंधन प्राप्त कर सकता था। इस सुविधा के कारण इसकी उड़ान क्षमता और संचालन अवधि कई गुना बढ़ जाती थी।

अंदर मौजूद था पूरा ‘फ्लाइंग व्हाइट हाउस’

करीब 4000 वर्ग फुट क्षेत्रफल वाले इस विमान के अंदर राष्ट्रपति के लिए निजी सुइट, मेडिकल रूम, अत्याधुनिक संचार केंद्र और दो बड़े किचन मौजूद थे। विमान में ऐसी सुविधाएं थीं, जिनकी मदद से राष्ट्रपति दुनिया के किसी भी हिस्से से सरकार और सेना के साथ संपर्क बनाए रख सकते थे।

अब कतर का बोइंग 747 बनेगा नया राष्ट्रपति विमान

पुराने Air Force One की विदाई के बाद अब कतर के शाही परिवार द्वारा उपलब्ध कराया गया बोइंग 747 विमान अस्थायी रूप से अमेरिकी राष्ट्रपति के उपयोग में लाया जाएगा। अमेरिकी वायु सेना के अनुसार इस विमान का फ्लाइट टेस्ट पूरा हो चुका है।

नए विमान को राष्ट्रपति ट्रंप की पसंद के अनुसार लाल, सफेद और गहरे नीले रंग की नई थीम में तैयार किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ के अवसर पर 4 जुलाई 2026 को राष्ट्रपति ट्रंप इसी विमान से माउंट रशमोर की यात्रा कर सकते हैं।

आखिर क्यों पड़ी नए विमान की जरूरत?

अमेरिकी सरकार ने बोइंग कंपनी को दो नए VC-25B विमान तैयार करने का अनुबंध दिया हुआ है। ये विमान भविष्य में आधिकारिक Air Force One के रूप में इस्तेमाल किए जाएंगे। हालांकि यह परियोजना अभी निर्माणाधीन है और इसके 2028 तक पूरा होने की संभावना है। इसी अंतराल को भरने के लिए कतर के बोइंग 747 विमान को अस्थायी समाधान के तौर पर तैयार किया जा रहा है।

नए विमान में क्या होगा खास?

कतर के शाही परिवार का यह बोइंग 747-8 इंटरकॉन्टिनेंटल विमान पुराने Air Force One की तुलना में अधिक आधुनिक और बड़ा माना जाता है। इसमें अधिक शक्तिशाली और कम शोर वाले इंजन लगाए गए हैं।

विमान के अंदर आलीशान लाउंज, मास्टर बेडरूम, बिजनेस क्लास बैठने की व्यवस्था, महंगे कालीन और नौ आधुनिक वॉशरूम मौजूद हैं। इसके अलावा अमेरिकी रक्षा और संचार कंपनियों ने इसमें उन्नत सैटेलाइट संचार प्रणाली और विशेष एंटीना भी स्थापित किए हैं।

इन प्रणालियों की मदद से राष्ट्रपति दुनिया के किसी भी हिस्से से अमेरिकी सेना, परमाणु कमांड और राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ सुरक्षित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर सकेंगे।

एक युग का अंत

Air Force One की विदाई केवल एक विमान की सेवानिवृत्ति नहीं, बल्कि अमेरिकी राष्ट्रपति इतिहास के एक महत्वपूर्ण अध्याय का समापन है। तीन दशक से अधिक समय तक दुनिया के सबसे शक्तिशाली नेताओं को लेकर उड़ने वाला यह विमान अब संग्रहालय और इतिहास के पन्नों में दर्ज होने जा रहा है, जबकि अमेरिका अपने नए ‘फ्लाइंग व्हाइट हाउस’ की तैयारी में जुट चुका है।