{"vars":{"id": "130921:5012"}}

अमेरिका से तनाव के बीच ईरान में अंदरूनी बवाल, विदेश मंत्री को हटाने की तैयारी?

 

Tehran : अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव के बीच Iran की आंतरिक राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन और संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाक़िर ग़ालिबफ़ के बीच मतभेदों के चलते विदेश मंत्री अब्बास अराक़ची को पद से हटाने की तैयारी चल रही है। हालांकि, इस पूरे मामले पर ईरानी सरकार की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

रिपोर्ट में क्या कहा गया?

ब्रिटेन आधारित मीडिया आउटलेट ‘ईरान इंटरनेशनल’ की रिपोर्ट के मुताबिक, विदेश मंत्री अराघची पर आरोप है कि वे विदेश मंत्रालय को राष्ट्रपति कार्यालय के प्रति जवाबदेह बनाने के बजाय स्वतंत्र रूप से चला रहे हैं। साथ ही यह भी दावा किया गया है कि वे कैबिनेट की नीतियों के बजाय इस्लामी क्रांतिकारी गार्ड कोर (IRGC) के निर्देशों का पालन कर रहे हैं।

राष्ट्रपति और स्पीकर की नाराजगी

रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति पेजेशकियान इस बात से नाराज हैं कि अहम कूटनीतिक फैसलों में विदेश मंत्री ने सरकार के बजाय सेना का पक्ष लिया। वहीं संसद अध्यक्ष गालिबाफ ने भी बातचीत से जुड़े एक अहम पद से इस्तीफा दे दिया, जिसके बाद सियासी खींचतान और बढ़ गई।

सूत्रों का दावा है कि विदेश मंत्री पर राष्ट्रपति को जानकारी दिए बिना फैसले लेने और IRGC के साथ तालमेल में काम करने के आरोप लगे हैं। यहां तक कि सरकारी नियुक्तियों से जुड़े अधिकारों को लेकर भी विवाद सामने आया है।

अंतरराष्ट्रीय मोर्चे पर भी असर

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि विदेश मंत्री हाल ही में इस्लामाबाद गए थे, जहां उन्होंने एक प्रस्ताव रखा, जिसे अमेरिकी पक्ष ने खारिज कर दिया। इससे सरकार के भीतर असंतोष और बढ़ने की बात कही जा रही है।

हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन रिपोर्ट्स के सामने आने के बाद Iran की राजनीति में अस्थिरता और सत्ता संघर्ष की अटकलें तेज हो गई हैं, जिसका असर आने वाले समय में देश की विदेश नीति पर भी पड़ सकता है।