{"vars":{"id": "130921:5012"}}

आवाजें कह रही थीं ट्रंप को मार दो... White House के पास हथियारों के साथ पकड़ा गया शख्स

अमेरिका में व्हाइट हाउस के पास चोरी की पिकअप गाड़ी से तीन हथियार और कारतूस मिलने के बाद 30 वर्षीय वेनेजुएला नागरिक गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को मारने की बात कही थी। उसके खिलाफ हथियार और चोरी से जुड़े कई आरोप लगाए गए हैं।

 

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर मामला सामने आया है। वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के पास एक चोरी की पिकअप गाड़ी में हथियारों के साथ 30 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ के दौरान कहा कि उसके दिमाग में आवाजें आ रही थीं, जो उसे राष्ट्रपति ट्रंप की हत्या करने के लिए वॉशिंगटन आने को कह रही थीं।

यह कार्रवाई गुरुवार रात (5 नवंबर) अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के एक अधिकारी ने की। आरोपी की पहचान वेनेजुएला के नागरिक रॉनी यॉर्ड्रिक्स गुआनिपा क्रिनोस के रूप में हुई है। अधिकारियों के मुताबिक, उसके वाहन से एक AR-15 राइफल, दो पिस्तौल और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किए गए हैं।

व्हाइट हाउस के पास संदिग्ध हालत में खड़ी थी गाड़ी

अमेरिकी सीक्रेट सर्विस का एक अधिकारी गुरुवार रात नियमित गश्त पर था। इसी दौरान उसने व्हाइट हाउस परिसर के नजदीक कॉन्स्टिट्यूशन एवेन्यू पर नीले रंग की Ford F-150 पिकअप खड़ी देखी। गाड़ी में मौजूद व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर अधिकारी उसके पास पहुंचा।

अधिकारी ने जब गाड़ी के अंदर बैठे व्यक्ति से पूछताछ की तो पता चला कि उसके पास हथियार हैं। इसके बाद वाहन की तलाशी ली गई। जांच में सामने आया कि पिकअप चोरी की थी और उसके अंदर कई हथियार तथा कारतूस रखे हुए थे।

गाड़ी से AR-15 राइफल और दो पिस्तौल बरामद

अधिकारियों के मुताबिक, तलाशी के दौरान वाहन से तीन हथियार मिले। इनमें एक AR-15 राइफल, एक MAC-10 और एक Glock 43X पिस्तौल शामिल थी। इसके अलावा कई दर्जन कारतूस भी बरामद किए गए।

होमलैंड सिक्योरिटी विभाग (DHS) के अनुसार, आरोपी ने अधिकारियों को बताया कि उसके दिमाग में आवाजें आ रही थीं, जो उसे वॉशिंगटन डीसी आने और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को मारने के लिए कह रही थीं।

आरोपी पर कई गंभीर आरोप, बिना जमानत हिरासत में

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को शुक्रवार को डीसी सुपीरियर कोर्ट में पेश किया गया। उस पर बिना लाइसेंस पिस्तौल रखने, राइफल रखने, हथियारों के अवैध परिवहन, बिना पंजीकरण वाले हथियार और गोला-बारूद रखने के साथ चोरी के वाहन के इस्तेमाल और चोरी की संपत्ति रखने जैसे आरोप लगाए गए हैं।

अदालत में शुरुआती पेशी के बाद आरोपी को बिना जमानत हिरासत में रखा गया है। फिलहाल वह अमेरिकी मार्शल सर्विस की कस्टडी में है।

2024 में टेक्सास के रास्ते अमेरिका आया था आरोपी

अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी विभाग के मुताबिक, आरोपी वेनेजुएला का नागरिक है और मार्च 2024 में टेक्सास के रास्ते अमेरिका में दाखिल हुआ था। विभाग ने उसे अवैध रूप से अमेरिका में रह रहा प्रवासी बताया है।

होमलैंड सिक्योरिटी सचिव मार्कवेन मुलिन ने सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों की कार्रवाई की तारीफ की। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने समय रहते हथियारों से लैस व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया, जिससे किसी को नुकसान पहुंचने से रोका जा सका।