{"vars":{"id": "130921:5012"}}

India–US ट्रेड डील पर बड़ा संकेत: अमेरिका 50% टैरिफ घटाकर 20% कर सकता है- नोमुरा

New Delhi : भारत–अमेरिका के प्रस्तावित व्यापार समझौते में अमेरिका द्वारा भारत पर 50% टैरिफ घटाकर 20% के आसपास करने की संभावना है। नोमुरा ने वित्त वर्ष 2026 के लिए भारत की GDP ग्रोथ 7% से बढ़ाकर 7.5% की। डील पर छह दौर की बातचीत हो चुकी, अंतिम सहमति साल के अंत तक संभव।

 

New Delhi : भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर विदेशी ब्रोकरेज फर्म नोमुरा ने अहम अपडेट जारी किया है। फर्म के अनुसार, अमेरिका द्वारा भारत पर लागू 50 प्रतिशत का टैरिफ संशोधित होकर 20 प्रतिशत के आसपास किया जा सकता है। दोनों देशों के बीच ट्रेड डील पर अब तक छह दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन अंतिम सहमति अभी तक नहीं बन पाई है।

नोमुरा ने जताया भरोसा, जल्द हो सकती है डील

नोमुरा ने कहा कि भारत और अमेरिका की ओर से लगातार सकारात्मक संकेत मिलने के बावजूद समझौते पर हस्ताक्षर नहीं हुए हैं, फिर भी संभावना मजबूत है कि साल के अंत तक डील हो जाएगी। फर्म के मुताबिक, समझौते के बाद भारत पर लागू अमेरिकी टैरिफ में भारी कमी देखने को मिल सकती है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पहले भी कई बार संकेत दे चुके हैं कि भारत–अमेरिका के बीच “पॉजिटिव ट्रेड डील” होने वाली है।

भारत की GDP ग्रोथ पर भी बदला अनुमान

- नोमुरा ने भारत की आर्थिक वृद्धि को लेकर अपने अनुमान में संशोधन किया है।

- वित्त वर्ष 2026 के लिए GDP ग्रोथ अनुमान 7% से बढ़ाकर 7.5% किया गया है।

- दिसंबर की मौद्रिक समीक्षा के लिए 25 बेसिस पॉइंट्स की कटौती के अनुमान को बरकरार रखा है।

गौरतलब है कि हाल ही में वित्त मंत्रालय ने जारी किया था कि जुलाई–सितंबर तिमाही में भारत की GDP 8.2 प्रतिशत रही है, जो वैश्विक स्तर पर मजबूत प्रदर्शन माना जा रहा है।

टैरिफ की पृष्ठभूमि

अमेरिका ने भारतीय निर्यात पर 50% का टैरिफ लगाया हुआ है। जनवरी में सत्ता संभालने के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने पहले चीन और फिर भारत पर भारी टैक्स बढ़ाए थे। हालांकि IMF जैसी अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं ने पहले ही कहा था कि अमेरिकी टैरिफ का भारत की अर्थव्यवस्था पर सीमित प्रभाव होगा।

भारत की लगातार मजबूत वृद्धि दर ने वैश्विक बाजारों का ध्यान आकर्षित किया है और अब ट्रेड डील की संभावनाएँ निवेशकों में नई उम्मीद जगा रही हैं।