{"vars":{"id": "130921:5012"}}

Booker Prize 2026: कौन हैं एम जॉन हैरिसन? 81 की उम्र में बुकर पुरस्कार जीतकर बनाया रिकॉर्ड

ब्रिटिश लेखक एम जॉन हैरिसन ने 81 साल की उम्र में बुकर पुरस्कार 2026 जीतकर इतिहास रच दिया है। उन्हें उपन्यास 'द एंड ऑफ एवरीथिंग' के लिए 50 हजार पाउंड मिले। इस जीत के साथ उन्होंने मार्गरेट एटवुड का सबसे उम्रदराज बुकर विजेता होने का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

 

Booker Prize 2026: ब्रिटिश लेखक एम जॉन हैरिसन ने 81 साल की उम्र में बुकर पुरस्कार 2026 जीतकर इतिहास रच दिया है। उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान अपने उपन्यास 'द एंड ऑफ एवरीथिंग' के लिए मिला है। इस उपलब्धि के साथ हैरिसन बुकर पुरस्कार जीतने वाले अब तक के सबसे उम्रदराज लेखक बन गए हैं। उन्होंने कनाडाई लेखिका मार्गरेट एटवुड का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है।

पांच लेखकों को पीछे छोड़कर जीता पुरस्कार

सोमवार को लंदन में आयोजित समारोह में एम जॉन हैरिसन को 2026 के बुकर पुरस्कार का विजेता घोषित किया गया। उन्होंने पुरस्कार की शॉर्टलिस्ट में शामिल पांच अन्य लेखकों को पीछे छोड़ा। उन्हें सम्मान के तौर पर 50,000 पाउंड यानी करीब 62 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिली।

इतिहासकार और क्लासिसिस्ट मैरी बियर्ड की अध्यक्षता वाले निर्णायक मंडल ने सर्वसम्मति से हैरिसन के उपन्यास को विजेता चुना। वह स्थापित विज्ञान कथा समुदाय से बुकर पुरस्कार जीतने वाले पहले लेखक भी बने हैं।

मार्गरेट एटवुड का रिकॉर्ड टूटा

एम जॉन हैरिसन से पहले बुकर पुरस्कार जीतने वाले सबसे उम्रदराज लेखक का रिकॉर्ड कनाडाई लेखिका मार्गरेट एटवुड के नाम था। उन्होंने साल 2019 में अपने उपन्यास 'द टेस्टामेंट्स' के लिए 79 साल की उम्र में यह पुरस्कार जीता था।

उस साल मार्गरेट एटवुड ने यह सम्मान ब्रिटिश लेखिका बर्नाडिन एवरिस्टो के साथ साझा किया था। एवरिस्टो को उनके उपन्यास 'गर्ल, वुमन, अदर' के लिए बुकर पुरस्कार मिला था। अब 81 साल की उम्र में यह सम्मान जीतकर हैरिसन ने उम्र का नया रिकॉर्ड कायम किया है।

छह दशक का लेखन अनुभव, 13वां उपन्यास बना विजेता

एम जॉन हैरिसन को लेखन के क्षेत्र में करीब छह दशक का अनुभव है। 'द एंड ऑफ एवरीथिंग' उनका 13वां उपन्यास है, जो 198 पन्नों का है। इस रचना को तबाही के बाद के ब्रिटेन की पृष्ठभूमि पर आधारित व्यंग्यात्मक उपन्यास बताया गया है।

क्या है 'द एंड ऑफ एवरीथिंग' की कहानी?

उपन्यास की कहानी इंग्लैंड के केंट तट पर प्रलय के बाद के भविष्य में घटती है। इसकी कहानी फिलिप टेनेन्ट नाम के व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी बुजुर्ग मौसी मार्नी के साथ रहता है। वह समुद्र किनारे मिलने वाली चीजों को ढूंढ़कर अपना गुजारा करता है।

फिलिप की जिंदगी उस समय बदल जाती है, जब उसे एक रहस्यमयी वस्तु मिलती है। यह वस्तु अपना आकार बदल सकती है। इसी दौरान 'आईघेटी' (iGhetti) नाम के अजीबोगरीब जीव भी सामने आने लगते हैं।

यह उपन्यास विज्ञान कथा, डिस्टोपिया और व्यंग्य का मिश्रण है। इसकी कहानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, तकनीक और राजनीतिक अनिश्चितता से जुड़ी मौजूदा दौर की चिंताओं को भी सामने लाती है।