एलन मस्क को बड़ा झटका: गंवाया ‘ट्रिलियनेयर’ का ताज, एक झटके में घट गई 11.14 लाख करोड़ की संपत्ति
दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी Elon Musk को बड़ा आर्थिक झटका लगा है। उनकी प्रमुख कंपनियों SpaceX और Tesla के शेयरों में आई तेज गिरावट के चलते उनकी कुल संपत्ति में भारी कमी दर्ज की गई है। इसके साथ ही मस्क ने दुनिया के पहले और इकलौते ‘ट्रिलियनेयर’ होने का रिकॉर्ड भी खो दिया है।
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, बुधवार तक एलन मस्क की कुल संपत्ति घटकर 946 अरब डॉलर रह गई। जबकि दो सप्ताह पहले उनकी नेटवर्थ 1.11 ट्रिलियन डॉलर से अधिक थी और हाल ही में यह 1.32 ट्रिलियन डॉलर के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गई थी।
हालांकि इस गिरावट के बावजूद मस्क अभी भी दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं और दूसरे अरबपतियों से काफी आगे हैं।
SpaceX के शेयरों में आई बड़ी गिरावट
हाल ही में स्पेसएक्स के ऐतिहासिक आईपीओ के बाद कंपनी के शेयरों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली थी। 16 जून को कंपनी का शेयर 225.64 डॉलर के ऑल टाइम हाई स्तर पर पहुंच गया था, जिससे कंपनी का बाजार मूल्य 2.5 ट्रिलियन डॉलर के पार चला गया।
लेकिन इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बढ़ा और इस सप्ताह स्पेसएक्स के शेयर अपने उच्चतम स्तर से करीब 30 प्रतिशत तक टूट गए। सोमवार को ही शेयर में 16 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई। इस गिरावट का सीधा असर मस्क की संपत्ति पर पड़ा और उनकी नेटवर्थ में करीब 240 अरब डॉलर की कमी आ गई।
टेस्ला ने भी बढ़ाई चिंता
स्पेसएक्स के अलावा टेस्ला के शेयरों में भी कमजोरी देखने को मिली। बीते दो कारोबारी सत्रों में कंपनी के शेयर 6 से 9 प्रतिशत तक फिसल गए और 375 डॉलर के आसपास पहुंच गए। इससे निवेशकों की चिंता और बढ़ गई।
AI निवेश को लेकर बढ़ी आशंका
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि स्पेसएक्स द्वारा एआई और डेटा सेंटर से जुड़ी नई परियोजनाओं के लिए बड़े पैमाने पर निवेश की घोषणा के बाद निवेशकों में सतर्कता बढ़ी है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्पेसएक्स ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस क्षेत्र में अपनी मौजूदगी मजबूत करने के लिए बड़े अधिग्रहण और विस्तार योजनाओं का संकेत दिया है। निवेशकों को आशंका है कि एआई सेक्टर में भारी निवेश का लाभ मिलने में लंबा समय लग सकता है, जबकि खर्च तेजी से बढ़ रहा है।
टेक सेक्टर पर बढ़ा दबाव
विश्लेषकों का कहना है कि एआई आधारित परियोजनाओं पर बढ़ते खर्च और भविष्य की अनिश्चितताओं के कारण टेक्नोलॉजी सेक्टर के कई बड़े शेयर दबाव में हैं। यही वजह है कि निवेशकों ने हाल के दिनों में मुनाफावसूली शुरू कर दी, जिसका असर मस्क की कंपनियों के शेयरों पर भी दिखाई दिया।
फिलहाल एलन मस्क दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं, लेकिन उनकी संपत्ति में आई यह ऐतिहासिक गिरावट वैश्विक वित्तीय बाजारों में चर्चा का विषय बनी हुई है।