भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर टिकी नजरें, 25% से घटकर 17% हो सकता है टैरिफ; जानिए किन सेक्टरों पर पड़ेगा असर
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन एक बार फिर भारत के साथ व्यापार को लेकर सख्त रुख अपनाता नजर आ रहा है। अमेरिका ने भारत से आयात होने वाले सामान पर 25 फीसदी तक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा है। खास बात यह है कि इस बार अमेरिकी निशाने पर भारत की आत्मनिर्भर भारत (Atmanirbhar Bharat) पहल और प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) जैसी औद्योगिक योजनाएं भी हैं।
अमेरिकी प्रशासन का आरोप है कि भारत की औद्योगिक नीतियां वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा को प्रभावित कर रही हैं और अमेरिकी कंपनियों के लिए कारोबार के अवसर सीमित कर रही हैं। हालांकि, यह फिलहाल प्रस्तावित कार्रवाई है। टैरिफ की अंतिम दर और इसे लागू करने का फैसला आगे की प्रक्रिया के बाद होगा।
ट्रेड डील हुई तो 25% से घटकर 17% हो सकता है टैरिफ
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) के मुताबिक, भारत से आने वाले सामान पर 25 फीसदी तक शुल्क लगाने का प्रस्ताव है। हालांकि, भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता हो जाता है और भारत अमेरिकी जांच में उठाई गई आपत्तियों का समाधान करने पर सहमत होता है, तो प्रस्तावित टैरिफ घटाकर 17 फीसदी किया जा सकता है।
इसका मतलब है कि दोनों देशों के बीच चल रही ट्रेड डील भारतीय निर्यातकों के लिए काफी अहम हो सकती है। समझौता होने की स्थिति में भारतीय उत्पादों को अमेरिकी बाजार में कुछ प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त भी मिल सकती है।
आत्मनिर्भर भारत और PLI योजनाओं पर अमेरिका को आपत्ति
USTR के प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीयर ने ट्रेड एक्ट 1974 की धारा 301 के तहत की गई जांच के बाद भारत की कई नीतियों पर सवाल उठाए हैं। अमेरिकी पक्ष का मानना है कि भारत की औद्योगिक योजनाएं घरेलू कंपनियों को बढ़ावा देती हैं, जिससे अमेरिकी उत्पादकों के लिए बाजार में प्रतिस्पर्धा करना मुश्किल होता है।
अमेरिका ने खास तौर पर विनिर्माण क्षेत्र को प्रोत्साहन देने वाली योजनाओं, श्रमिकों की सुरक्षा, वित्तीय नीतियों और बाजार तक पहुंच से जुड़ी बाधाओं को लेकर आपत्ति जताई है। इसके अलावा भारत की उत्पादन क्षमता और वैश्विक बाजार में अतिरिक्त आपूर्ति से जुड़े मुद्दों को भी जांच में शामिल किया गया है।
फार्मा, स्टील और सोलर सेक्टर पर भी असर की आशंका
अमेरिका की इस प्रस्तावित कार्रवाई का असर भारत के कई प्रमुख उद्योगों पर पड़ सकता है। USTR ने अपनी जांच में फार्मास्यूटिकल्स, मेडिकल डिवाइस, स्टील, सोलर और सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (ICT) जैसे क्षेत्रों का विशेष रूप से उल्लेख किया है।
अमेरिकी प्रशासन का दावा है कि इन क्षेत्रों में भारत की नीतियों से अमेरिकी कंपनियों और निर्यातकों के कारोबारी अवसर प्रभावित होते हैं। अगर प्रस्तावित टैरिफ लागू होता है, तो इन क्षेत्रों से जुड़े भारतीय निर्यातकों को अमेरिकी बाजार में चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।
14 देशों के खिलाफ कार्रवाई का प्रस्ताव, वियतनाम पर सबसे ज्यादा शुल्क
अमेरिका ने केवल भारत ही नहीं, बल्कि कई अन्य देशों के खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई का प्रस्ताव रखा है। इनमें चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, बांग्लादेश, कंबोडिया, इंडोनेशिया, मलेशिया, सिंगापुर, स्विट्जरलैंड, ताइवान, थाईलैंड और वियतनाम शामिल हैं। यूरोपीय संघ को भी इस प्रक्रिया में शामिल किया गया है।
प्रस्तावित शुल्क के मुताबिक, वियतनाम पर 35 फीसदी तक टैरिफ लगाने की बात कही गई है, जबकि भारत के लिए यह दर 25 फीसदी रखी गई है। इस लिहाज से भारत की प्रस्तावित दर शामिल देशों में सबसे ऊंची दरों में से एक है। मेक्सिको और नॉर्वे के मामले में फिलहाल इस जांच के तहत अंतिम निर्धारण नहीं किया गया है।
ट्रेड डील से भारत को मिल सकता है फायदा
'द प्रिंट' की रिपोर्ट के मुताबिक, अगर भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता हो जाता है, तो भारत के लिए टैरिफ की प्रस्तावित दर 17 फीसदी हो सकती है। वहीं, बांग्लादेश, थाईलैंड, इंडोनेशिया, मलेशिया और कंबोडिया के लिए 18 फीसदी की दर प्रस्तावित है। चीन और वियतनाम के लिए समझौते की स्थिति में 20 फीसदी टैरिफ का उल्लेख किया गया है।
ऐसे में भारत को अपने कुछ एशियाई प्रतिस्पर्धियों के मुकाबले अमेरिकी बाजार में सीमित टैरिफ लाभ मिल सकता है। इससे भारतीय निर्यातकों को प्रतिस्पर्धा में मदद मिलने की उम्मीद है।
भारत ने अतिरिक्त उत्पादन क्षमता के आरोपों को किया खारिज
अमेरिका की ओर से लगाए गए आरोपों पर भारत सरकार ने भी अपना पक्ष रखा है। भारत ने अतिरिक्त औद्योगिक उत्पादन क्षमता के अमेरिकी दावे को स्वीकार नहीं किया है। सरकार का कहना है कि जांच के दौरान अमेरिका को स्पष्ट किया गया था कि भारत के किसी भी क्षेत्र में संरचनात्मक रूप से अतिरिक्त उत्पादन क्षमता नहीं है।