मिस्र में आग का तांडव: टैंकर पलटने के बाद कई गाड़ियों में लगी आग, जिंदा जले 31 लोग
मिस्र की राजधानी काहिरा के बाहरी इलाके में बुधवार, 25 नवंबर को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पेट्रोलियम उत्पादों से भरा एक ईंधन टैंकर सड़क पर पलट गया, जिसके बाद भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि सड़क पर चल रही कई कारें और मोटरसाइकिलें भी इसकी चपेट में आ गईं।
इस हादसे में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर चारों तरफ आग की लपटें दिखाई देने लगीं।
टैंकर पलटते ही आग ने लिया विकराल रूप
समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस (AP) के मुताबिक, यह हादसा ग्रेटर काहिरा के गीजा प्रांत स्थित अल-वर्राक इलाके में रिंग रोड पर हुआ। यह सड़क राजधानी काहिरा के प्रमुख यातायात मार्गों में शामिल है। बताया जा रहा है कि पेट्रोलियम उत्पाद लेकर जा रहा टैंकर अचानक पलट गया। इसके बाद उसमें आग लग गई और देखते ही देखते लपटों ने आसपास से गुजर रहे वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों और बचाव दल ने जलते वाहनों से लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की। AP की ओर से जारी वीडियो में दमकलकर्मी आग बुझाते दिखाई दिए।
39 एंबुलेंस की मदद से घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गया। मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बचाव अभियान के लिए कुल 39 एंबुलेंस तैनात की गईं। घायलों का इलाज जारी है। अधिकारियों के अनुसार, हादसे में मरने वालों की संख्या शुरुआती है और इसमें बढ़ोतरी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
27 वाहन जलकर राख, DNA जांच से होगी मृतकों की पहचान
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, शुरुआती आकलन में हादसे के दौरान करीब 27 वाहन आग की चपेट में आकर जल गए। आग इतनी भीषण थी कि कई शवों की पहचान करना मुश्किल हो गया है। ऐसे में मिस्र के सरकारी अभियोजन कार्यालय ने अज्ञात मृतकों की पहचान के लिए DNA जांच कराने के आदेश दिए हैं।
फिलहाल अधिकारी हादसे में हुए नुकसान और हताहतों की वास्तविक संख्या का आकलन कर रहे हैं। साथ ही दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।
राष्ट्रपति अल-सीसी ने जताया दुख
इस भीषण हादसे पर मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने शोक जताया है। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री खालिद अब्देल गफ्फार ने कहा है कि मृतकों और घायलों की संख्या अभी शुरुआती है। राहत एवं बचाव कार्य पूरा होने और जांच आगे बढ़ने के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।