दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास ड्रोन हमला, एक भारतीय समेत चार घायल
दुबई। खाड़ी क्षेत्र में जारी तनाव के बीच दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास ड्रोन हमला होने की खबर सामने आई है। इस हमले में एक भारतीय नागरिक समेत चार लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि एयरपोर्ट के आसपास दो ड्रोन को इंटरसेप्ट किया गया।
दुबई मीडिया ऑफिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बयान जारी कर कहा कि दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (DXB) के पास सुरक्षा एजेंसियों ने दो ड्रोन को रोका। इस घटना में एक भारतीय नागरिक सहित चार लोग घायल हुए हैं। हालांकि, एयरपोर्ट पर एयर ट्रैफिक सामान्य रूप से जारी है और उड़ानों के संचालन पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है।
बताया जा रहा है कि ईरान ने अपने इलाके में अमेरिका और इजरायल के हमलों के जवाब में संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन, कतर और अन्य खाड़ी देशों की ओर मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं। इन हमलों से कई जगह इंफ्रास्ट्रक्चर को नुकसान पहुंचा है और तेल उत्पादन भी प्रभावित हुआ है।
पिछले दो हफ्तों से ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच तनाव और सैन्य टकराव जारी है। इस संघर्ष का असर पूरे मध्य पूर्व क्षेत्र पर पड़ रहा है। इससे पहले भी दुबई एयरपोर्ट के आसपास और शहर के कुछ रिहायशी इलाकों में हमलों की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
इस बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने कहा है कि तेहरान का क्षेत्रीय देशों के साथ युद्ध में उलझने का कोई इरादा नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि अंतरराष्ट्रीय समुदाय इस युद्ध के लिए जिम्मेदार लोगों पर ध्यान नहीं देता, तो वैश्विक व्यवस्था और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।