{"vars":{"id": "130921:5012"}}

जॉर्जिया की संसद बनी अखाड़ा: PM के भाषण के बीच मची मारपीट, सांसदों के चले लात-घूंसे, रोकना पड़ा LIVE टेलिकास्ट

जॉर्जिया की संसद में प्रधानमंत्री इराक्ली कोबाखिद्जे के वार्षिक संबोधन के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्षी सांसदों के बीच हिंसक झड़प हो गई। संसद में लात-घूंसे चले, लाइव प्रसारण रोकना पड़ा और कई सांसद घायल हो गए। घटना ने देश की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया।
 

Georgia Parliament Fight: जॉर्जिया की संसद में शुक्रवार को उस समय अभूतपूर्व हंगामा मच गया, जब प्रधानमंत्री इराक्ली कोबाखिद्जे अपने वार्षिक संबोधन के दौरान विपक्ष के सवालों का सामना कर रहे थे। बहस इतनी बढ़ गई कि सत्ता पक्ष और विपक्षी सांसदों के बीच खुलेआम लात-घूंसे चलने लगे। स्थिति बेकाबू होने पर संसद का आधिकारिक लाइव प्रसारण कुछ समय के लिए रोकना पड़ा, जबकि सुरक्षाकर्मियों और मेडिकल टीम को मौके पर बुलाना पड़ा।

प्रधानमंत्री से सवाल, फिर शुरू हुआ बवाल

घटना संसद के स्प्रिंग सत्र के अंतिम पूर्ण सत्र के दौरान प्रश्नकाल में हुई। विपक्षी दल गाखारिया फॉर जॉर्जिया के सांसद जियोर्गी शराशीद्जे ने प्रधानमंत्री इराक्ली कोबाखिद्जे से उनकी भूमिका और अधिकारों को लेकर तीखे सवाल किए।

उन्होंने हाल ही में जॉर्जिया पहुंचे अजरबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव के दौरे का जिक्र करते हुए उस वायरल वीडियो का हवाला दिया, जिसमें जॉर्जियन ड्रीम पार्टी के संस्थापक और मानद अध्यक्ष बिद्जना इवानिश्विली राष्ट्रपति अलीयेव के साथ आगे चलते दिखाई दिए, जबकि प्रधानमंत्री पीछे नजर आए।

विपक्षी सांसद ने प्रधानमंत्री से पूछा कि क्या यह तस्वीर सरकार में उनकी वास्तविक स्थिति को नहीं दिखाती।

विपक्ष ने साधा सीधा निशाना

जियोर्गी शराशीद्जे ने सदन में कहा कि देश ने साफ देखा कि राष्ट्रपति अलीयेव के दौरे के दौरान प्रधानमंत्री की भूमिका कितनी सीमित नजर आई। उन्होंने आरोप लगाया कि असली सत्ता प्रधानमंत्री के बजाय बिद्जना इवानिश्विली के हाथों में है।

सत्ताधारी दल के सांसदों की हूटिंग के बीच विपक्षी सांसद ने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि ऐसी स्थिति पहले कभी किसी प्रधानमंत्री के साथ नहीं देखी गई।

बहस खत्म होते ही भिड़ गए सांसद

सवाल-जवाब के बाद माहौल और गर्म हो गया। जैसे ही विपक्षी सांसद पोडियम से नीचे उतरे, दोनों पक्षों के सांसद आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते हाथापाई शुरू हो गई।

संसद के भीतर कई मिनट तक धक्का-मुक्की, लात-घूंसे और मारपीट होती रही। हालात इतने बिगड़ गए कि संसद का आधिकारिक प्रसारण रोकना पड़ा।

ओलंपिक चैंपियन सांसद भी मारपीट में दिखे

स्थानीय मीडिया द्वारा जारी वीडियो में सबसे पहले सत्ताधारी दल के सांसद इराकली खेलाद्ज़े और विपक्षी सांसद गीगा पारुलावा के बीच झड़प दिखाई दी।

इसके बाद कई सांसद इस मारपीट में शामिल हो गए। वीडियो में जॉर्जियन ड्रीम पार्टी के सांसद और तीन बार के ओलंपिक वेटलिफ्टिंग चैंपियन लाशा तालाखाद्जे भी विपक्षी सांसदों पर हमला करते नजर आए। कानूनी मामलों की समिति के अध्यक्ष अर्चिल गोर्डुलाद्जे भी इस झड़प में शामिल दिखाई दिए।

इस पूरे घटनाक्रम के दौरान प्रधानमंत्री इराक्ली कोबाखिद्जे और उनके मंत्रिमंडल के सदस्य अपनी सीटों पर बैठे रहे।

सुरक्षाकर्मियों ने संभाला मोर्चा

स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख संसद के सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया। विपक्षी सांसदों को सदन से बाहर निकाला गया और दोनों पक्षों को अलग किया गया।

मारपीट में कई सांसदों को चोटें आईं, जिसके बाद संसद परिसर में एम्बुलेंस और मेडिकल टीम को बुलाया गया। घायल सांसदों को प्राथमिक उपचार दिया गया।

यूरोपीय संघ के मुद्दे पर भी सरकार घिरी

हंगामे के दौरान विपक्ष ने प्रधानमंत्री पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और जॉर्जिया को यूरोपीय संघ की सदस्यता के रास्ते से भटकाने का भी आरोप लगाया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि संसद में हुई यह हिंसक झड़प जॉर्जिया में बढ़ते राजनीतिक टकराव और सत्ता-विपक्ष के बीच गहराते तनाव का संकेत है।

जांच और आगे की कार्रवाई पर नजर

घटना के बाद संसद की कार्यवाही प्रभावित हुई। अब सभी की नजर इस बात पर है कि संसद प्रशासन और सरकार इस हिंसक घटना को लेकर क्या कार्रवाई करती है और क्या इसमें शामिल सांसदों पर अनुशासनात्मक कदम उठाए जाते हैं।