{"vars":{"id": "130921:5012"}}

आसमान में हाईवोल्टेज ड्रामा! उड़ते विमान में पायलटों के बीच चाकूबाजी, इस्राइल को क्यों भेजने पड़े फाइटर जेट?
 

 

दुबई/तेल अवीव। दुबई से इस्राइल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में बुधवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब हवा में विमान के दो पायलटों के बीच कथित तौर पर हिंसक झड़प हो गई। घटना के दौरान विमान से एक के बाद एक आपातकालीन संकेत भेजे गए। इनमें संभावित हाईजैकिंग का संकेत देने वाला कोड भी शामिल था। इससे इस्राइल में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। हालांकि, बाद में विमान को सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया। एयरलाइन ने पुष्टि की है कि सभी यात्री सुरक्षित हैं। 

पायलटों के बीच झड़प से मचा हड़कंप, हाईजैकिंग की आशंका

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, एक इस्राइली अधिकारी ने बताया कि विमान के दोनों पायलटों के बीच शारीरिक झड़प हुई थी। इसी दौरान विमान से आपातकालीन संकेत भेजे गए। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटरडार24 के अनुसार, विमान ने पहले सामान्य आपातकालीन कोड 7700 और फिर संभावित गैरकानूनी हस्तक्षेप का संकेत देने वाला कोड 7500 भेजा। बाद में विमान ने दोबारा 7700 कोड प्रसारित किया।

इन संकेतों के कारण शुरुआत में विमान के हाईजैक होने की आशंका पैदा हो गई थी। हालांकि, इस्राइली प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता ने बाद में स्पष्ट किया कि शुरुआती जानकारी के आधार पर इसे हाईजैकिंग की घटना नहीं माना जा रहा है।

नेतन्याहू ने की सुरक्षा अधिकारियों से चर्चा

विमान से मिले आपातकालीन संकेतों के बाद इस्राइल में सुरक्षा व्यवस्था सक्रिय कर दी गई। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, संभावित खतरे को देखते हुए इस्राइली वायुसेना के लड़ाकू विमानों को भी रवाना किया गया।

प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अधिकारियों के साथ स्थिति पर चर्चा की। इस्राइली सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनाक्रम की समीक्षा की। विमान के सुरक्षित उतरने के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और यात्रियों को सुरक्षित इस्राइल वापस लाने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। 

अचानक हजारों फीट नीचे आया विमान

फ्लाइटरडार24 के आंकड़ों के मुताबिक, उड़ान के दौरान विमान करीब 34,000 फीट की ऊंचाई पर था। घटना के समय विमान की ऊंचाई में अचानक तेजी से गिरावट दर्ज की गई। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, विमान 30 सेकंड से भी कम समय में लगभग 14,000 फीट नीचे आ गया था।

इसके बाद विमान की ऊंचाई में लगातार उतार-चढ़ाव होता रहा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसका रास्ता बदलकर सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया I

यात्री की मां ने बताई विमान के अंदर की स्थिति

घटना के दौरान विमान में मौजूद एक यात्री मिरियम की मां यास्मिन अबू कासिस ने विमान के अंदर की स्थिति के बारे में बताया। रॉयटर्स के मुताबिक, यास्मिन ने अपनी बेटी से हुई बातचीत के आधार पर दावा किया कि विमान में चीखने की आवाजें सुनाई दे रही थीं। एक व्यक्ति के हाथ में चाकू था और उसने कथित तौर पर एक पायलट को जमीन पर गिरा दिया था। वहां खून भी दिखाई दे रहा था।

इस्राइली मीडिया में विमान के अंदर की बताई जा रही एक तस्वीर भी सामने आई। हालांकि, रॉयटर्स स्वतंत्र रूप से तस्वीर की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं कर सका। घटना में चाकू के इस्तेमाल और पायलटों के बीच विवाद की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। 

सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग

आपातकालीन स्थिति के बाद विमान को सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया, जहां उसकी सुरक्षित लैंडिंग हुई। इससे यात्रियों और सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली।

फ्लाईदुबई ने आधिकारिक बयान में कहा कि 30 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से तेल अवीव के बेन गुरियन इंटरनेशनल एयरपोर्ट जा रही फ्लाइट FZ1073 को रास्ते में एक घटना का सामना करना पड़ा। इसके बाद विमान को तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया। एयरलाइन ने पुष्टि की कि सभी यात्रियों का पता लगा लिया गया है और वे सुरक्षित हैं। 

फ्लाई दुबई ने क्या कहा?

फ्लाईदुबई ने कहा कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। एयरलाइन संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही है और पुष्टि होने पर घटना से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी साझा करेगी।

वहीं, इस्राइली प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है और इस्राइली यात्रियों को स्वदेश वापस लाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। घटना के वास्तविक कारणों और पायलटों के बीच कथित झड़प की पूरी परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।