{"vars":{"id": "130921:5012"}}

जापान का गोल्ड रिजर्व रिकॉर्ड 120 अरब डॉलर पर, कुल विदेशी मुद्रा भंडार 1.17 ट्रिलियन डॉलर पहुंचा

 

Tokyo/New Delhi : जापान का स्वर्ण भंडार (गोल्ड रिजर्व) पिछले साल रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। 2024 में जापान का गोल्ड रिजर्व बढ़कर 120 अरब डॉलर हो गया, जो पिछले साल की तुलना में करीब 60 प्रतिशत अधिक है। हालांकि, यह बढ़ोतरी सोने की ज्यादा खरीद के कारण नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में आई भारी तेजी की वजह से हुई है। इसके साथ ही जापान के कुल विदेशी मुद्रा भंडार (Forex Reserve) में सोने की हिस्सेदारी बढ़कर 9 प्रतिशत हो गई है।

आंकड़ों के मुताबिक, 2022 की तुलना में सोने की कीमत अब दोगुनी हो चुकी है, जिससे जापान के गोल्ड रिजर्व का मूल्य तेजी से बढ़ा है। इसी दौरान देश का कुल विदेशी मुद्रा भंडार भी बढ़कर 1.17 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गया है, जो 2021 के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है। वहीं, जापान की कुल रिजर्व संपत्ति (Total Reserve Assets) अब 1.37 ट्रिलियन डॉलर हो गई है, जो भी 2021 के बाद सबसे अधिक है।

अमेरिकी बॉन्ड में जापान की सबसे बड़ी हिस्सेदारी

जापान दुनिया में अमेरिकी सरकारी बॉन्ड (US Treasury Bonds) का सबसे बड़ा धारक बना हुआ है। फिलहाल जापान के पास 1.2 ट्रिलियन डॉलर के अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड हैं। खास बात यह है कि हाल के समय में भारत, चीन, ब्राजील और सऊदी अरब जैसे कई देशों ने अमेरिकी बॉन्ड में अपनी हिस्सेदारी घटाई है और सोने में निवेश बढ़ाया है, लेकिन जापान ने इसके उलट अपनी होल्डिंग्स और बढ़ाई हैं।

विदेशी मुद्रा भंडार में जापान दूसरे नंबर पर

विदेशी मुद्रा भंडार के मामले में जापान दुनिया में चीन के बाद दूसरे स्थान पर है। चीन के पास 3.682 ट्रिलियन डॉलर का फॉरेक्स रिजर्व है। इस सूची में स्विट्जरलैंड (927 अरब डॉलर) तीसरे और भारत (662 अरब डॉलर) चौथे स्थान पर है। रूस, हांगकांग, सऊदी अरब, दक्षिण कोरिया, जर्मनी और सिंगापुर भी शीर्ष 10 देशों में शामिल हैं।

सोने के भंडार में जापान नौवें स्थान पर

गोल्ड रिजर्व के मामले में अमेरिका दुनिया में पहले नंबर पर है, जिसके पास 8,133 टन सोना है। इसके बाद जर्मनी (3,350 टन), इटली (2,452 टन), फ्रांस (2,437 टन), रूस (2,330 टन), चीन (2,304 टन), स्विट्जरलैंड (1,040 टन), भारत (880 टन), जापान (846 टन) और तुर्की (641 टन) का स्थान आता है। नीदरलैंड 612 टन सोने के साथ इस सूची में 11वें नंबर पर है।