{"vars":{"id": "130921:5012"}}

ब्रिटेन के कैबिनेट में भारतीय मूल के 3 सांसदों को बड़ी जिम्मेदारी, AI मंत्री बने कनिष्क नारायण
 

 

लंदन: ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम ने अपनी नई कैबिनेट का गठन करते हुए भारतीय मूल के तीन युवा सांसदों को अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं। जुलाई 2024 में पहली बार सांसद चुने गए 36 वर्षीय कनिष्क नारायण को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मंत्री बनाया गया है। वहीं, भारतीय मूल की दो महिला सिख सांसद सतवीर कौर और हरप्रीत उप्पल को भी सरकार की फ्रंट बेंच में शामिल किया गया है।

नई कैबिनेट के गठन के बाद बर्नहैम सरकार की फ्रंट बेंच में अब दो हिंदू और दो सिख सांसद शामिल हो गए हैं। श्रीलंकाई मूल की हिंदू सांसद उमा कुमारन को विदेश कार्यालय में जूनियर मंत्री बनाया गया है, जिससे भारतीय और दक्षिण एशियाई मूल के नेताओं की भागीदारी और मजबूत हुई है।

स्टार्मर के करीबी दो भारतीय मूल के नेताओं की छुट्टी

कैबिनेट फेरबदल में पूर्व प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के करीबी माने जाने वाले भारतीय मूल के दो प्रमुख चेहरे सीमा मल्होत्रा और प्रीत कौर गिल को मंत्रिमंडल से बाहर कर दिया गया है। सीमा मल्होत्रा पहले इंडो-पैसिफिक मंत्री थीं, जबकि प्रीत कौर गिल जूनियर स्वास्थ्य मंत्री के पद पर थीं। दोनों को अब बैकबेंच पर भेज दिया गया है।

दोनों नेताओं की उम्र 53 वर्ष है और उनका पारिवारिक संबंध पंजाब के जालंधर से है। मई में स्थानीय निकाय चुनावों में लेबर पार्टी के खराब प्रदर्शन के बाद जब कीर स्टार्मर के इस्तीफे की मांग उठी थी, तब प्रीत कौर गिल और सीमा मल्होत्रा ने सार्वजनिक रूप से उनका समर्थन किया था।

लिसा नंदी ने बचाई अपनी जगह

कोलकाता में जन्मे दीपक नंदी की बेटी लिसा नंदी को संस्कृति सचिव (Culture Secretary) के पद पर बरकरार रखा गया है। उनका जन्म मैनचेस्टर में हुआ था, जहां एंडी बर्नहैम नौ वर्षों तक मेयर रहे थे। माना जा रहा है कि यह उनके पक्ष में एक अहम कारण रहा।

हरप्रीत उप्पल को मिली असिस्टेंट व्हिप की जिम्मेदारी

हडर्सफील्ड से सांसद हरप्रीत उप्पल को सरकार में असिस्टेंट व्हिप नियुक्त किया गया है। उन्होंने 2017 में ग्रेटर मैनचेस्टर मेयर चुनाव अभियान के दौरान एंडी बर्नहैम के साथ काम किया था, जिसका लाभ उन्हें नई कैबिनेट में मिला।

सतवीर कौर को मिला अहम मंत्रालय

साउथम्प्टन टेस्ट सीट से सांसद सतवीर कौर को सुरक्षा, महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ हिंसा रोकने तथा समानता मामलों की मंत्री बनाया गया है। उनके माता-पिता पंजाब से ब्रिटेन आए थे और साउथम्प्टन में साड़ी की दुकान चलाते थे।