{"vars":{"id": "130921:5012"}}

तेहरान में खामेनेई को अंतिम विदाई, लेकिन नए सुप्रीम लीडर क्यों नहीं आए सामने? जानिए वजह

 

Tehran : ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं। तेहरान में आयोजित अंतिम नमाज में राष्ट्रपति, सेना के वरिष्ठ अधिकारी, शीर्ष धार्मिक नेता और खामेनेई के परिवार के सदस्य शामिल हुए। हालांकि, सबसे अधिक चर्चा उनके उत्तराधिकारी और मौजूदा सुप्रीम लीडर मोज्तबा खामेनेई की गैरमौजूदगी को लेकर रही। सुरक्षा कारणों के चलते वह सार्वजनिक रूप से अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हुए।

अंतिम नमाज में शामिल हुए खामेनेई के बेटे

अली खामेनेई के बेटे मसूद, मेयसाम और मुस्तफा अंतिम नमाज में मौजूद रहे। इस दौरान इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के वरिष्ठ कमांडर अहमद वहीदी भी शामिल हुए। वहीं, सुरक्षा एजेंसियों की सलाह के चलते मोज्तबा खामेनेई सार्वजनिक रूप से समारोह में शामिल नहीं हुए।

सुरक्षा कारणों से नहीं हुए शामिल

रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायल की ओर से संभावित खतरे और निशाना बनाए जाने की आशंका को देखते हुए मोज्तबा खामेनेई को सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूर रहने की सलाह दी गई थी। इसी वजह से उन्होंने अंतिम संस्कार में सार्वजनिक उपस्थिति दर्ज नहीं कराई।

आयतुल्ला जाफर सोभानी ने पढ़ाई अंतिम नमाज

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के अनुसार, वरिष्ठ धार्मिक नेता आयतुल्ला जाफर सोभानी ने अयातुल्ला अली खामेनेई और उनके परिवार के चार अन्य सदस्यों की अंतिम नमाज अदा कराई। अंतिम संस्कार में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन, संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ, न्यायपालिका प्रमुख गुलामहुसैन मोहसनी एजेई और आईआरजीसी की कुद्स फोर्स के कमांडर इस्माइल क़ानी भी मौजूद रहे।

तेहरान में अंतिम संस्कार की रस्में जारी

शनिवार को तेहरान में अयातुल्ला अली खामेनेई और उनके परिवार के चार अन्य सदस्यों के अंतिम संस्कार की रस्में आयोजित की गईं। इस दौरान देशभर से बड़ी संख्या में लोग उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे। इसी बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक इंटरव्यू में कहा कि उनके और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के संबंध अच्छे हैं। उन्होंने कहा कि नेतन्याहू जानते हैं कि बॉस कौन है।

होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों ने बदला रास्ता

उधर, जहाजों की निगरानी करने वाली कंपनी विंडवर्ड के अनुसार, होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे चार जहाजों ने सुरक्षा कारणों से अपना मार्ग बदल लिया। इनमें दो जहाज वापस लौट गए, जबकि दो अन्य ने ओमान के दक्षिणी समुद्री मार्ग के बजाय ईरान के करीब वाले मध्य समुद्री मार्ग का इस्तेमाल किया।