मेलोनी ने की पीएम मोदी की जमकर तारीफ, हिंदी में कही ये बात...
इटली की प्रधानमंत्री Giorgia Meloni ने प्रधानमंत्री Narendra Modi की यात्रा और भारत-इटली के मजबूत होते रिश्तों की खुलकर सराहना की। इस दौरान उन्होंने हिंदी में बात कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
जॉर्जिया मेलोनी ने कहा कि भारत में “परिश्रम” शब्द काफी प्रचलित है और यही शब्द दोनों देशों के संबंधों को सबसे बेहतर तरीके से दर्शाता है। उन्होंने हिंदी में कहा, “परिश्रम ही सफलता की कुंजी है” और फिर इसका अर्थ समझाते हुए बताया कि कड़ी मेहनत ही सफलता का रास्ता खोलती है।
मेलोनी ने कहा, “आपकी यह यात्रा हमारे लिए बड़े सम्मान की बात है। यह हमारे देशों के रिश्तों में एक नया अध्याय जोड़ेगी।”
भारत और इटली पहले से ज्यादा करीब
इटली की प्रधानमंत्री ने कहा कि रोम में दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने इसे “विशेष रणनीतिक साझेदारी” का दर्जा बताते हुए कहा कि यह दोनों देशों के संबंधों का अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है।उन्होंने कहा, “अब भारत और इटली पहले से कहीं ज्यादा करीब आ गए हैं।”
मेलोनी ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और उनके विजन की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से पीएम मोदी के व्यावहारिक दृष्टिकोण और नेतृत्व क्षमता की सराहना करना सीखा है।
उन्होंने कहा कि कई वर्षों तक सरकार में रहने के बावजूद पीएम मोदी की लोकप्रियता भारतीय नागरिकों के बीच बनी हुई है, जो उनके नेतृत्व को दर्शाती है।