भारत हमारे सबसे मजबूत समर्थकों में है... अमेरिका से मतभेदों के बीच नेतन्याहू का बड़ा बयान, जेडी वेंस को दिया जवाब
अमेरिका से मतभेदों की चर्चाओं के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भारत को अपना सबसे मजबूत समर्थक बताया। उन्होंने जेडी वेंस के बयान से असहमति जताते हुए कहा कि इजरायल के पास अमेरिका के अलावा भारत जैसे कई भरोसेमंद मित्र देश भी हैं।
Israel India Relations: अमेरिका और इजरायल के रिश्तों को लेकर उठ रही अटकलों के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भारत को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भारत इजरायल के सबसे मजबूत समर्थकों में से एक है और दुनिया में अमेरिका के अलावा भी कई ऐसे देश हैं, जो हर मुश्किल समय में इजरायल के साथ खड़े रहते हैं। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने अमेरिका को इजरायल का "इकलौता शक्तिशाली सहयोगी" बताया था।
जेडी वेंस की बात से जताई असहमति
फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में नेतन्याहू ने कहा कि वह जेडी वेंस का सम्मान करते हैं और उनके साथ अच्छे संबंध हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वह उनकी हर बात से सहमत हों। उन्होंने कहा कि अमेरिका और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इजरायल के सबसे करीबी मित्र रहे हैं, लेकिन यह कहना गलत होगा कि इजरायल का सिर्फ एक ही मजबूत सहयोगी है।
'भारत जैसा 1.4 अरब आबादी वाला दोस्त हमारे साथ है'
भारत का जिक्र करते हुए नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल को भारत से जबरदस्त समर्थन मिलता है। उन्होंने कहा, "हमारे कुछ और भी दोस्त हैं, जैसे भारत। यह कोई छोटा देश नहीं, बल्कि 1.4 अरब आबादी वाला देश है। हमें वहां से शानदार समर्थन मिलता है। मेरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी भारत से बड़ी संख्या में लोग हमारा समर्थन करते हैं।" नेतन्याहू ने कहा कि भारत और इजरायल के बीच भरोसे और सहयोग का रिश्ता लगातार मजबूत हो रहा है।
'कई देश खुलकर नहीं, लेकिन चुपचाप हमारे साथ हैं'
इजरायली प्रधानमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया और अंतरराष्ट्रीय मीडिया में चाहे जितनी आलोचना दिखाई जाए, लेकिन वास्तविकता इससे अलग है। उन्होंने दावा किया कि दुनिया के कई देशों के शीर्ष नेता निजी तौर पर उनसे संपर्क कर इजरायल के प्रति अपना समर्थन जताते हैं। कई देश इजरायल के साथ रक्षा, साइबर सुरक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाना चाहते हैं।
टेक्नोलॉजी में इजरायल की ताकत का भी किया जिक्र
नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल आज साइबर सुरक्षा और अत्याधुनिक तकनीक के क्षेत्र में दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल है। उन्होंने दावा किया कि साइबर टेक्नोलॉजी के मामले में इजरायल दुनिया के शीर्ष देशों में गिना जाता है और इसी वजह से कई देश उसके साथ रणनीतिक साझेदारी बढ़ाना चाहते हैं।
क्या कहा था जेडी वेंस ने?
दरअसल, पिछले महीने अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने अमेरिका और ईरान के बीच चल रही वार्ता के दौरान इजरायल को सलाह दी थी कि वह अपने सबसे बड़े सहयोगी अमेरिका की सार्वजनिक आलोचना करने से बचे।
उन्होंने कहा था कि यदि वह इजरायल की कैबिनेट में होते तो दुनिया में बचे अपने सबसे शक्तिशाली सहयोगी पर हमला या सार्वजनिक टिप्पणी नहीं करते। वेंस ने यह भी कहा था कि केवल सैन्य कार्रवाई से हर राष्ट्रीय सुरक्षा चुनौती का समाधान संभव नहीं है और इजरायल को दीर्घकालिक रणनीति पर भी ध्यान देना होगा।