भारत पर भड़के पाक आर्मी चीफ आसिम मुनीर,बोले—अल्लाह की फौज....
Islamabad/New Delhi : पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर एक बार फिर भारत के खिलाफ भड़काऊ बयान देते नजर आए हैं। जॉर्डन के राजा अब्दुल्ला द्वितीय के सम्मान में आयोजित लंच कार्यक्रम के दौरान मुनीर ने न केवल पाकिस्तानी सेना की बढ़चढ़कर तारीफ की, बल्कि भारत को लेकर भी गीदड़भभकी दी। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तानी सेना “अल्लाह की फौज” है और मुसलमान जब अल्लाह पर भरोसा करता है तो “दुश्मन पर फेंकी गई मिट्टी भी मिसाइल बन जाती है।”
मई में भारत के साथ संघर्ष पर फिर झूठा दावा
पाकिस्तानी अखबार दैनिक जंग के अनुसार, आसिम मुनीर ने जॉर्डन किंग के सामने मई 2025 में भारत के साथ चार दिवसीय संघर्ष (7 से 10 मई) का जिक्र किया। उन्होंने एक बार फिर झूठ दोहराते हुए कहा कि पाकिस्तान ने इस संघर्ष में भारत को जवाब दिया और “जीत” हासिल की। जबकि अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टें साफ बताती हैं कि पाकिस्तान को भारी सैन्य क्षति हुई थी।
मुनीर ने कहा कि भारत के साथ युद्ध में अल्लाह ने हमें अपना सिर ऊंचा रखने में मदद की। जब मुसलमान अपने अल्लाह पर भरोसा करता है तो दुश्मन पर फेंकी गई मिट्टी मिसाइल में बदल जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तानी सैनिक “अल्लाह के नाम पर दुश्मन से लड़ते हैं।”
जॉर्डन के साथ संबंध मजबूत करने पर जोर
कार्यक्रम के दौरान आसिम मुनीर ने यह भी कहा कि पाकिस्तान जॉर्डन के साथ रक्षा सहयोग को और मजबूत करना चाहता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोनों देशों की सैन्य साझेदारी और क्षेत्र में शांति कायम करने के लिए पाकिस्तान सभी आवश्यक कदम उठाएगा। जॉर्डन के राजा अब्दुल्ला द्वितीय दो दिन की पाकिस्तान यात्रा पर आए थे। उनका दौरा दोनों देशों के बीच रक्षा व सुरक्षा सहयोग को बढ़ाने पर केंद्रित है।
पाकिस्तानी सेना प्रमुख के ये बयान ऐसे समय आए हैं जब पाकिस्तान आर्थिक और राजनीतिक अस्थिरता से गुजर रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक, इस प्रकार के धार्मिक और भड़काऊ बयान घरेलू असंतोष को दूर करने और सेना की छवि सुधारने का प्रयास मात्र हैं।