ट्रंप की हत्या की साजिश रचने वाले पाकिस्तानी को 27 साल 6 महीने की जेल, ईरान से जुड़े थे तार
अमेरिका में राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप समेत कई बड़े नेताओं की हत्या की साजिश रचने के मामले में एक पाकिस्तानी नागरिक को 27 साल 6 महीने जेल की सजा सुनाई गई है। अमेरिकी संघीय अदालत ने 48 वर्षीय आसिफ मर्चेंट को 330 महीने की कैद की सजा दी है। अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक, मर्चेंट ने ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के इशारे पर अमेरिकी सरकारी अधिकारियों की हत्या के लिए लोगों को भर्ती करने और उन्हें पैसे देने की योजना बनाई थी।
अमेरिकी न्याय विभाग ने दी जानकारी
अमेरिकी न्याय विभाग (US Department of Justice) की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आसिफ मर्चेंट को ब्रुकलिन की संघीय अदालत में सजा सुनाई गई। मामले की सुनवाई अमेरिकी जिला न्यायाधीश एरिक आर. कोमिटी ने की।
इससे पहले मार्च 2026 में संघीय जूरी ने मर्चेंट को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आतंकवाद की कोशिश करने और पैसे देकर हत्या कराने की साजिश रचने के आरोपों में दोषी ठहराया था। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, वह ईरान के IRGC से जुड़ा एक प्रशिक्षित ऑपरेटिव था।
ट्रंप के अलावा बाइडेन और निक्की हेली भी थे निशाने पर
जांच के दौरान सामने आया कि मर्चेंट की योजना सिर्फ डोनल्ड ट्रंप तक सीमित नहीं थी। संभावित निशाने पर तत्कालीन राष्ट्रपति जो बाइडेन और संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की पूर्व राजदूत निक्की हेली भी थीं। उस समय ये सभी अमेरिकी राष्ट्रपति पद के संभावित उम्मीदवार थे।
अमेरिकी जांच एजेंसियों के मुताबिक, मर्चेंट अमेरिका पहुंचा था, ताकि सरकारी अधिकारियों की हत्या के लिए लोगों को तलाश सके और उन्हें इस काम के लिए पैसे दे सके।
कैसे नाकाम हुई हत्या की साजिश?
अमेरिकी जांच एजेंसियों के मुताबिक, अप्रैल 2024 में आसिफ मर्चेंट अमेरिका पहुंचा था। वहां उसने एक परिचित के जरिए ऐसे लोगों की तलाश शुरू की, जिन्हें राजनीतिक हत्या के लिए तैयार किया जा सके। हालांकि, जिस परिचित से उसने संपर्क किया था, उसने इसकी जानकारी FBI को दे दी और जांच एजेंसी का मुखबिर बन गया।
इसके बाद मर्चेंट ने जिन लोगों को हिटमैन समझकर संपर्क किया, वे दरअसल अंडरकवर FBI एजेंट थे। उसने कथित तौर पर हत्या की साजिश के लिए उन्हें 5,000 डॉलर की शुरुआती रकम भी दी थी। इसके बाद अमेरिकी एजेंसियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया और किसी भी हमले को अंजाम दिए जाने से पहले साजिश नाकाम कर दी गई।
कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेने की थी योजना
अमेरिकी अभियोजन पक्ष के अनुसार, इस साजिश के पीछे ईरान के पूर्व सैन्य कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेने की मंशा थी। सुलेमानी जनवरी 2020 में इराक में अमेरिकी ड्रोन हमले में मारा गया था। वह ईरान की कुद्स फोर्स का प्रमुख था।
अमेरिकी अधिकारियों का दावा है कि IRGC ने इसी हमले का बदला लेने के लिए मर्चेंट को अमेरिकी नेताओं की हत्या की योजना बनाने का काम सौंपा था।
मर्चेंट ने अदालत में क्या कहा?
मामले की सुनवाई के दौरान मर्चेंट ने दावा किया था कि ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड से जुड़े लोगों ने उस पर दबाव बनाया था और उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी थी। वहीं, अभियोजन पक्ष ने उसके खिलाफ मिले सबूतों और साजिश में उसकी भूमिका को आधार बनाकर कड़ी सजा की मांग की।
आखिरकार संघीय जूरी ने मार्च 2026 में उसे दोषी ठहराया और 17 नवंबर 2026 को अदालत ने 330 महीने यानी 27 साल 6 महीने की जेल की सजा सुनाई।
इस मामले ने अमेरिका और ईरान के बीच पहले से तनावपूर्ण संबंधों को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। हालांकि, ईरान ने अमेरिकी अधिकारियों को निशाना बनाने की ऐसी साजिशों में अपनी भूमिका से इनकार किया है।