NEET पेपर लीक पर सियासत तेज, CJP प्रोटेस्ट के दौरान लाठीचार्ज पर आया पाकिस्तान का रिएक्शन, जानें क्या कहा
नई दिल्ली। NEET-UG पेपर लीक विवाद को लेकर देशभर में जारी विरोध-प्रदर्शन के बीच पाकिस्तान की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर हुसैन अंद्राबी से दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा कि यह भारत का आंतरिक मामला है और पाकिस्तान इस पर कोई टिप्पणी नहीं करेगा।
इधर, पेपर लीक विवाद के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन और दोषियों को जल्द कड़ी सजा दिलाने की घोषणा की। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार इस मामले में सख्त कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।
हालांकि, इस घोषणा पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सवाल उठाए। पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि दोषियों को सजा मिलना जरूरी है, लेकिन उससे भी बड़ा सवाल यह है कि आखिर बार-बार पेपर लीक क्यों हो रहे हैं। उनका आरोप है कि व्यवस्था में जवाबदेही की कमी और कमजोर सिस्टम के कारण ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
इस बीच केंद्र सरकार ने दावा किया है कि वह छात्रों और CJP से बातचीत के लिए तैयार है। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि पिछले 24 घंटों में CJP प्रतिनिधियों को चार बार बातचीत का प्रस्ताव भेजा गया, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी स्थान पर बातचीत के लिए तैयार है।
वहीं, प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा को लेकर दिल्ली पुलिस ने जांच तेज कर दी है। सूत्रों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उन लोगों की पहचान की जा रही है, जो हिंसा और उपद्रव में सीधे तौर पर शामिल थे। ऐसे लोगों के पासपोर्ट रद्द किए जाने की संभावना भी जताई जा रही है।
सुरक्षा के मद्देनजर दिल्ली के कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में एहतियाती कदम उठाए गए हैं। प्रशासन ने गुरुवार शाम 6:30 बजे से क्षेत्र की दुकानों, कार्यालयों और रेस्तरां को बंद रखने का निर्णय लिया है।