पार्टी-ड्रग्स, शराब का ओवरडोज... लंदन के लग्जरी होटल में सऊदी प्रिंस की मौत
लंदन के एक लग्जरी होटल में मृत मिले 29 वर्षीय सऊदी राजकुमार अब्दुल्ला बिन फहद की मौत पर ब्रिटेन की जांच रिपोर्ट सामने आ गई है। कोर्ट ने बताया कि शराब, पार्टी ड्रग और दवाओं के घातक मिश्रण से उनकी मौत हुई। जानिए पूरी रिपोर्ट।
Saudi Prince Death: लंदन के एक लग्जरी होटल में मृत मिले 29 वर्षीय सऊदी राजकुमार अब्दुल्ला बिन फहद बिन अब्दुल्ला बिन अब्दुलअजीज बिन जलावी अल सऊद की मौत को लेकर ब्रिटेन की अदालत में हुई जांच (इनक्वेस्ट) में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया कि राजकुमार की मौत शराब, पार्टी ड्रग और कुछ प्रिस्क्रिप्शन दवाओं के घातक मिश्रण के कारण हुई थी। कोर्ट ने मामले में किसी साजिश या आत्महत्या के संकेत नहीं मिलने पर इसे 'मिसएडवेंचर' (दुर्घटनावश हुई मौत) करार दिया है।
होटल के बाथरूम में मिला था शव
जांच रिपोर्ट के अनुसार, राजकुमार 19 नवंबर को लंदन के केंसिंग्टन स्थित मैरियट होटल में एक सप्ताह के लिए ठहरे थे। 25 नवंबर को होटल के एक कर्मचारी ने उनके कमरे का दरवाजा खोलने के बाद उन्हें बाथरूम के फर्श पर बेहोश अवस्था में पड़ा पाया। सूचना मिलने पर एंबुलेंस और मेडिकल टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
टॉक्सिकोलॉजी रिपोर्ट में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
इनक्वेस्ट के दौरान पेश टॉक्सिकोलॉजी रिपोर्ट में पता चला कि राजकुमार के शरीर में शराब की मात्रा ब्रिटेन की कानूनी सीमा से लगभग तीन गुना अधिक थी। इसके अलावा उनके शरीर में गामा-हाइड्रॉक्सीब्यूटिरेट (GHB) नामक पार्टी ड्रग, गांजा (कैनबिस) और एंटी-एंग्जायटी दवाओं के अंश भी पाए गए। अदालत को बताया गया कि इन सभी पदार्थों के संयुक्त प्रभाव से उन्हें कार्डियक अरेस्ट हुआ, जो उनकी मौत की वजह बना।
पहले भी नशे की लत का इलाज करा चुके थे
जांच में यह भी सामने आया कि राजकुमार पहले से शराब और कुछ दवाओं की लत से जूझ रहे थे। वर्ष 2025 में उन्होंने लंदन के प्रियोरी क्लिनिक में डिटॉक्स उपचार कराया था। इसके बाद उन्होंने एक अन्य पुनर्वास केंद्र में भी इलाज लिया था।
हालांकि इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें आत्महत्या की आशंका वाला मरीज नहीं माना था। बाद में उन्होंने कुछ फॉलो-अप सत्र भी छोड़ दिए थे।
कोर्ट ने कहा- आत्महत्या या साजिश के सबूत नहीं
इनर वेस्ट लंदन कोरोनर कोर्ट की सहायक कोरोनर जीन हार्किन ने कहा कि जांच के दौरान ऐसा कोई सबूत नहीं मिला जिससे यह साबित हो कि राजकुमार ने जानबूझकर अपनी जान ली या किसी तीसरे व्यक्ति की भूमिका रही हो।
सीसीटीवी फुटेज में भी वह अपनी मौत से पहले अकेले दिखाई दिए। इसी आधार पर कोर्ट ने उनकी मौत को मल्टी-ड्रग इनजेशन (एक साथ कई नशीले पदार्थ लेने) से हुई दुर्घटनावश मौत माना।
शाही परिवार ने की थी मौत की पुष्टि
ब्रिटेन में जांच पूरी होने के बाद सऊदी शाही परिवार ने भी आधिकारिक बयान जारी कर राजकुमार की मौत की पुष्टि की थी। बाद में रियाद में उनका अंतिम संस्कार किया गया।