वियतनाम में भारतीय पर्यटकों से भरी स्पीडबोट पलटी, 15 लोगों की मौत की आशंका; दूतावास ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
नई दिल्ली/हनोई: वियतनाम के फु क्वोक (Phu Quoc) द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक स्पीडबोट पलटने से बड़ा हादसा हो गया। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस दुर्घटना में कम से कम 15 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि कई लोग लापता हैं। स्थानीय प्रशासन की ओर से युद्धस्तर पर खोज एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
हनोई स्थित भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि फु क्वोक द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों को ले जा रही नाव पलट गई है। हादसे के कारणों और नाव में सवार लोगों की सही संख्या का पता लगाया जा रहा है। प्रभावित भारतीय नागरिकों और उनके परिजनों की सहायता के लिए हो ची मिन्ह सिटी और हनोई में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं।
होन मे रट से लौटते समय हुआ हादसा
स्थानीय मीडिया के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 1 बजे (स्थानीय समय) ओशन पीयर आइलैंड कंपनी (Ocean Pear Island Company) द्वारा संचालित स्पीडबोट होन मे रट (Hon May Rut) से पर्यटकों को लेकर एन थॉई पोर्ट (An Thoi Port) लौट रही थी। इसी दौरान फु क्वोक हवाई अड्डे से करीब 25 किलोमीटर दूर होन मे रट एन्ग्वाई (Hon May Rut Ngoai) से लगभग 400 मीटर की दूरी पर नाव अचानक पलट गई।
हादसे के बाद नाव में सवार सभी यात्री समुद्र में गिर गए। स्थानीय प्रशासन ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और आसपास मौजूद अन्य पर्यटक नौकाएं भी बचाव कार्य में जुट गईं।
बचाव अभियान में आईं मुश्किलें
बचाव अभियान में शामिल एक नाव संचालक ने बताया कि उनकी टीम करीब पांच मिनट में घटनास्थल पर पहुंच गई थी। हालांकि कई यात्री पलटी हुई नाव के अंदर फंसे हुए थे, जिसके कारण राहत एवं बचाव कार्य काफी चुनौतीपूर्ण हो गया। समुद्र में तेज लहरें भी अभियान में बाधा बन रही थीं। हालांकि हादसे के समय बारिश नहीं हो रही थी।
भारतीय दूतावास ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
भारतीय दूतावास ने प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। किसी भी जानकारी या सहायता के लिए इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है:
+84 362817930
+84 915523714
+84 334520414
+84 913089165 (हनोई)
दूतावास ने कहा है कि वह स्थानीय प्रशासन के लगातार संपर्क में है और सभी भारतीय नागरिकों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
फु क्वोक बना हुआ है बड़ा पर्यटन केंद्र
फु क्वोक वियतनाम का सबसे बड़ा द्वीप और प्रमुख पर्यटन स्थल है। पर्यटन विभाग के अनुसार वर्ष 2026 के पहले छह महीनों में यहां 57 लाख पर्यटक पहुंचे, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 30 प्रतिशत अधिक हैं। इसी अवधि में 13.2 लाख विदेशी पर्यटकों ने फु क्वोक का दौरा किया, जो पिछले साल के मुकाबले करीब 50 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है I