शेख हसीना की वापसी से पहले बांग्लादेश में बढ़ा तनाव! ढाका एयरपोर्ट समेत दो जगहों पर विस्फोट, 3 लोग घायल
बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव के बीच राजधानी ढाका में सोमवार की रात दो अलग-अलग जगहों पर बम धमाकों से हड़कंप मच गया। पहला विस्फोट हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बाहरी गेट के पास हुआ, जबकि दूसरा धमाका जसीमुद्दीन इलाके में हुआ। इन घटनाओं में तीन राहगीर घायल हो गए। धमाकों के बाद हवाई अड्डे और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
फ्लाईओवर से फेंके गए थे बम, तीन लोग घायल
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, हवाई अड्डा पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी कमरुल इस्लाम तालुकदार ने बताया कि दोनों विस्फोट उपद्रवियों की ओर से किए गए। शुरुआती जांच में सामने आया है कि फ्लाईओवर से बम फेंके गए थे। धमाकों की चपेट में आए तीन राहगीरों को मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है।
शेख हसीना की संभावित वापसी से पहले बढ़ी राजनीतिक हलचल
बांग्लादेश में ये धमाके ऐसे समय हुए हैं, जब अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी को लेकर राजनीतिक माहौल पहले से तनावपूर्ण है। अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद सत्ता से बेदखल होने पर शेख हसीना देश छोड़कर भारत चली गई थीं। अब उनकी संभावित वापसी को लेकर चर्चाओं के बीच देश के कई हिस्सों में हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आ रही हैं।
हालांकि, ढाका में हुए इन दोनों बम धमाकों का शेख हसीना की संभावित वापसी से कोई सीधा संबंध है या नहीं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।
ट्रेन, बस और बैंकों में आगजनी से बिगड़े हालात
बांग्लादेश में पिछले कुछ दिनों से हिंसा की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कई जगहों पर ट्रेनों, बसों और बैंकों को निशाना बनाकर आगजनी और तोड़फोड़ की गई है। पुलिस ने इन घटनाओं के लिए अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों को जिम्मेदार ठहराया है। गौरतलब है कि सत्ता से हटने के बाद अवामी लीग की राजनीतिक गतिविधियों और चुनावों में भागीदारी पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
ढाका और गोपालगंज समेत कई जिलों में सुरक्षा बढ़ाने की तैयारी
बांग्लादेश के समाचार पत्र प्रथम आलो की रिपोर्ट के अनुसार, संभावित हिंसा और तोड़फोड़ को रोकने के लिए कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने विशेष सुरक्षा योजना तैयार की है। इसके तहत राजधानी ढाका, गोपालगंज और अवामी लीग के प्रभाव वाले अन्य जिलों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाएगी। दिसंबर में इन इलाकों में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ ही देशभर में खुफिया निगरानी बढ़ाने का फैसला लिया गया है।
64 जिलों के पुलिस अधिकारियों को जारी हुए निर्देश
पुलिस महानिरीक्षक (IGP) मोहम्मद अली हुसैन फकीर ने देश के सभी 64 जिलों के पुलिस अधीक्षकों, आठ महानगरीय क्षेत्रों के पुलिस आयुक्तों और आठ रेंज के उपमहानिरीक्षकों को विशेष निर्देश जारी किए हैं। अधिकारियों को हिंसा और तोड़फोड़ में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया है।
वहीं, अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक मोहम्मद एहसान हबीब पलाश ने कहा है कि पुलिस किसी भी तरह की तोड़फोड़ और हिंसा से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
हसीना के गृह जिले गोपालगंज में भी अलर्ट
शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में भी पिछले कुछ दिनों से आगजनी, हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आ रही हैं। इस जिले को अवामी लीग का मजबूत गढ़ माना जाता है। लगातार बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी की है।
फिलहाल बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता और हिंसा के बीच सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। आने वाले दिनों में शेख हसीना की संभावित वापसी को लेकर राजनीतिक घटनाक्रम और देश की कानून-व्यवस्था पर सबकी नजर रहेगी।