ट्रंप का बड़ा दावा: चीन-रूस कर रहे गुप्त परमाणु खेल, अमेरिका भी तैयार
New Delhi : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन और रूस पर गुप्त अंडरग्राउंड न्यूक्लियर टेस्ट करने का गंभीर आरोप लगाया है। ट्रंप के अनुसार, इन देशों ने ऐसे परमाणु परीक्षण किए हैं जिनकी जानकारी दुनिया को नहीं दी गई। अमेरिका की ही तरह उत्तर कोरिया और पाकिस्तान का भी नाम लेते हुए ट्रंप ने कहा कि कई देश परीक्षण कर रहे हैं और अमेरिका अकेला ऐसा नहीं रहेगा जो परीक्षण रोक कर बैठे।
इस बयान पर चीन की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। चीनी विदेश मंत्रालय ने ट्रंप के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि वह एक जिम्मेदार और अनुशासित परमाणु संपन्न राष्ट्र है। बीजिंग ने स्पष्ट किया कि वह आत्मरक्षा के सिद्धांत पर आधारित परमाणु रणनीति अपनाता है और परीक्षण रोकने की प्रतिबद्धता निभा रहा है।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका के पास किसी भी देश से अधिक परमाणु हथियार हैं और जरूरत पड़ने पर अमेरिका भी टेस्ट कर सकता है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका के पास इतनी परमाणु क्षमता है कि दुनिया को 150 बार नष्ट किया जा सकता है। साथ ही उन्होंने रूस और चीन के राष्ट्रपतियों से परमाणु निरस्त्रीकरण पर बातचीत करने की बात भी कही।