ट्रंप का भारत पर फिर टैरिफ बढ़ाने का प्लान! चीन-जापान समेत कई देशों पर भी गिरेगी गाज
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर भारत के लिए व्यापारिक मुश्किलें बढ़ा सकते हैं। ट्रंप प्रशासन भारत समेत कई देशों से अमेरिका आने वाले सामान पर अतिरिक्त टैरिफ लगाने की तैयारी कर रहा है। द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी प्रशासन उन देशों के उत्पादों पर नया शुल्क लगाने पर विचार कर रहा है, जिनकी सरकारों पर घरेलू उद्योगों को सब्सिडी और आर्थिक सहायता देकर अनुचित फायदा पहुंचाने का आरोप है। इस संभावित कदम की जद में भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया और यूरोपीय संघ समेत कई बड़ी अर्थव्यवस्थाएं आ सकती हैं।
किन देशों पर लग सकता है नया टैरिफ?
अमेरिका ने औद्योगिक सब्सिडी को लेकर कई महीनों तक जांच की है। अमेरिकी प्रशासन का आरोप है कि कुछ देश अपनी कंपनियों को सरकारी मदद देकर कम लागत पर औद्योगिक उत्पाद तैयार करवाते हैं। इसके बाद ये कंपनियां अंतरराष्ट्रीय बाजार में सस्ते दामों पर सामान बेचती हैं, जिससे अमेरिकी कंपनियों के लिए प्रतिस्पर्धा करना मुश्किल हो जाता है।
द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमिसन ग्रीयर इस जांच के नतीजों का ऐलान इसी सप्ताह कर सकते हैं। हालांकि, इसकी समयसीमा में बदलाव भी संभव है। जांच के दायरे में चीन, यूरोपीय संघ और 14 अन्य देशों को शामिल किया गया है।
भारत पर टैरिफ बढ़ाने के पीछे क्या है अमेरिका की दलील?
ट्रंप प्रशासन का मानना है कि कुछ देश अपनी घरेलू जरूरतों से ज्यादा औद्योगिक सामान का उत्पादन कर रहे हैं। इसके पीछे सरकारी सब्सिडी, वित्तीय सहायता और दूसरी नीतिगत रियायतों को बड़ी वजह माना जा रहा है।
अमेरिका का आरोप है कि सरकारी मदद के कारण इन देशों की कंपनियां कम कीमत पर सामान तैयार करके अमेरिकी बाजार में बेचती हैं। इससे वहां की घरेलू कंपनियों को नुकसान होता है और उन्हें बराबरी का मुकाबला नहीं मिल पाता।
इसी आधार पर अमेरिका इन देशों से आयात होने वाले ज्यादातर उत्पादों पर अतिरिक्त शुल्क लगाने की योजना बना रहा है। हालांकि, स्टील, एल्युमीनियम और ऑटोमोबाइल जैसे कुछ उत्पादों को प्रस्तावित टैरिफ से बाहर रखा जा सकता है, क्योंकि इन पर पहले से ही राष्ट्रीय सुरक्षा के आधार पर अलग शुल्क लागू हैं।
भारत पर कितना टैरिफ लगा सकता है अमेरिका?
फिलहाल प्रस्तावित टैरिफ की अंतिम दरें तय नहीं हुई हैं। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों के संकेतों के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन 2025 में लगाए गए टैरिफ के समान शुल्क लागू करने पर विचार कर रहा है।
द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, जापान, यूरोपीय संघ और दक्षिण कोरिया पर 15 प्रतिशत या उससे कम टैरिफ लगाया जा सकता है। इसकी वजह इन देशों के साथ ट्रंप प्रशासन के व्यापारिक समझौते बताए जा रहे हैं।
वहीं, भारत और वियतनाम पर तुलनात्मक रूप से ज्यादा शुल्क लगाए जाने की आशंका है। चीन पर सबसे अधिक टैरिफ लगाया जा सकता है, क्योंकि अमेरिकी प्रशासन वहां औद्योगिक सब्सिडी के बड़े दायरे को लेकर चिंतित है।
इसके अलावा अमेरिका ऐसे प्रावधानों पर भी विचार कर रहा है, जिनके तहत किसी देश में औद्योगिक उत्पादन की अतिरिक्त क्षमता बढ़ने या भविष्य की बातचीत में नीतिगत बदलाव नहीं होने की स्थिति में टैरिफ और बढ़ाया जा सकेगा।
भारत-अमेरिका ट्रेड डील के बीच क्यों बढ़ी चिंता?
अमेरिका का यह संभावित कदम ऐसे समय सामने आया है, जब भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की कोशिशें जारी हैं। दोनों देशों ने 7 फरवरी 2026 को अंतरिम व्यापार ढांचे की घोषणा की थी।
ऐसे में नए टैरिफ की आशंका दोनों देशों के व्यापारिक रिश्तों के लिए चुनौती बन सकती है। भारत की चिंता इसलिए भी बढ़ सकती है, क्योंकि अमेरिकी बाजार भारतीय निर्यातकों के लिए एक अहम बाजार है। अगर भारतीय उत्पादों पर अतिरिक्त शुल्क लगाया जाता है, तो इसका असर उनकी कीमतों और अमेरिकी बाजार में प्रतिस्पर्धा करने की क्षमता पर पड़ सकता है।
फिलहाल सबकी नजर अमेरिकी प्रशासन के आधिकारिक ऐलान और भारत-अमेरिका के बीच जारी व्यापार वार्ता पर टिकी है।