{"vars":{"id": "130921:5012"}}

Typhoon Dolphin: जापान के ओकिनावा में तबाही, 5 घायल; चीन की ओर बढ़ा तूफान, बंद किए गए स्कूल-पोर्ट

 

Tokyo/Beijing : जापान के दक्षिणी द्वीप ओकिनावा में शक्तिशाली Typhoon Dolphin ने दस्तक दे दी है। तूफान के कारण पांच बुजुर्ग लोग घायल हुए हैं, जबकि करीब 14 हजार इमारतों की बिजली गुल हो गई है। तेज हवाओं के कारण तीन लोगों के गिरने से चोटें आईं, हालांकि सभी की हालत गंभीर नहीं बताई गई है।

जापान के ओकिनावा द्वीप और कागोशिमा प्रांत के अमामी द्वीप में तूफान का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला है। खराब मौसम के चलते ओकिनावा में कई उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं। चीन और ताइवान में भी कुछ उड़ानों पर असर पड़ा है।

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के मुताबिक शनिवार को तूफान ओकिनावा के कुमे द्वीप से करीब 160 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में था और करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा था। तूफान के केंद्र के आसपास अधिकतम लगातार हवाओं की रफ्तार करीब 162 किलोमीटर प्रति घंटा, जबकि झोंकों की रफ्तार 216 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच रही थी।

चीन के पूर्वी तट की ओर बढ़ रहा तूफान

Typhoon Dolphin अब चीन के पूर्वी तट की ओर बढ़ रहा है। चीन ने इसके मद्देनजर लेवल-3 इमरजेंसी रिस्पॉन्स घोषित किया है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक तूफान रविवार देर रात से सोमवार सुबह के बीच चीन के पूर्वी और दक्षिणी तट से टकरा सकता है।

इसके झेजियांग प्रांत के झोउशान शहर और फुजियान प्रांत के फुडिंग शहर के बीच लैंडफॉल करने की संभावना जताई गई है।

पूर्वी चीन में 12 अगस्त तक तेज हवाओं और भारी बारिश का असर रह सकता है। मौसम विभाग ने झेजियांग के कुछ इलाकों में 600 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश होने की आशंका जताई है।

बंदरगाह, स्कूल और उड़ानें बंद

झेजियांग में तटीय तूफान चेतावनी को उच्चतम स्तर तक बढ़ा दिया गया है। बंदरगाहों पर काम रोक दिया गया है और 162 यात्री फेरी सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं।

निंगबो शहर में स्कूलों और अन्य शिक्षण संस्थानों को बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। सभी जल गतिविधियों पर भी रोक लगा दी गई है। निंगबो लिशे इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने शनिवार रात से संचालन रोकने और रविवार की सभी उड़ानें रद्द करने की घोषणा की है।

शंघाई के यांगशान पोर्ट से जहाजों को हटा दिया गया है, जबकि यांग्त्जी नदी डेल्टा क्षेत्र में कुछ रेल सेवाएं भी रविवार से प्रभावित रहेंगी।

ताइवान में भी उड़ानों पर असर

ताइवान में भी Typhoon Dolphin के कारण 63 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द की गई हैं। द्वीप के उत्तरी हिस्सों में सप्ताहांत के दौरान भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

वहीं, चीन ने ताइवान स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों को तूफान के चलते ट्रैफिक कंट्रोल निर्देशों का पालन करने को कहा है। ताइवान ने चीन के इस कदम को खारिज करते हुए इसे ‘बेतुका’ बताया है।

रिकॉर्ड गर्मी के बीच आया तूफान

Typhoon Dolphin ऐसे समय आया है जब पूर्वी एशिया के कई हिस्से रिकॉर्ड गर्मी का सामना कर रहे हैं। जापान में एक चिड़ियाघर के तीन शेरों की संदिग्ध हीटस्ट्रोक से मौत की खबर है, जबकि दक्षिण कोरिया में भी भीषण गर्मी से 20 से ज्यादा मौतों की सूचना दी गई है।

Dolphin 26 जुलाई को मध्य प्रशांत क्षेत्र में बने एक उष्णकटिबंधीय डिप्रेशन से विकसित हुआ था। कई हजार किलोमीटर का सफर तय करते हुए यह पहले ट्रॉपिकल स्टॉर्म, फिर सीवियर ट्रॉपिकल स्टॉर्म और बाद में टाइफून में बदल गया।