अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी से की फोन पर बातचीत, मीडिल-ईस्ट तनाव पर हुई चर्चा
वांशिंगटन। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच भारत और अमेरिका के बीच उच्चस्तरीय बातचीत हुई है। अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump और प्रधानमंत्री Narendra Modi ने मंगलवार को फोन पर चर्चा कर क्षेत्रीय हालात का जायजा लिया। दोनों नेताओं ने होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को खुला रखने की जरूरत पर जोर दिया, क्योंकि यह वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति का अहम मार्ग है।
ऊर्जा सप्लाई पर संकट
ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव के कारण दुनिया के करीब 20% तेल और गैस सप्लाई प्रभावित हो रही है। International Energy Agency ने इसे तेल आपूर्ति में अब तक की सबसे बड़ी बाधाओं में से एक बताया है।
इसी बीच अमेरिका ने ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर हमलों को कुछ समय के लिए रोकने की घोषणा की है, हालांकि ईरान ने किसी भी बातचीत से इनकार किया है।
संसद में PM मोदी का बयान
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने राज्यसभा में मिडिल ईस्ट संकट पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि भारत की प्राथमिकता जहाजों की सुरक्षित आवाजाही और ऊर्जा आपूर्ति बनाए रखना है।
उन्होंने बताया कि भारत विभिन्न देशों से तेल और गैस खरीदने के विकल्प तलाश रहा है, ताकि घरेलू जरूरतों पर असर न पड़े। साथ ही भारत ईरान, इजराइल और अमेरिका के संपर्क में है और शांति के लिए कूटनीतिक प्रयास कर रहा है।
युद्ध में बढ़ता जनहानि का आंकड़ा
28 फरवरी से शुरू हुए इस संघर्ष को अब करीब 25 दिन हो चुके हैं। विभिन्न रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस युद्ध में अब तक 2600 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
ईरान में सबसे ज्यादा करीब 1500 लोगों की जान गई है, जबकि लेबनान में 1000 से अधिक लोग मारे गए हैं। इजराइल और अमेरिका के सैनिकों की भी इस संघर्ष में मौत की खबरें सामने आई हैं।