{"vars":{"id": "130921:5012"}}

Venzuela Eearthquake : भूकंप के दो डबल झटकों से दहला वेनेजुएला, 32 की मौत, 700 से ज्यादा घायल, PM मोदी ने जताया दुख

 

दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में एक मिनट के भीतर आए दो भीषण भूकंपों ने भारी तबाही मचा दी है। पहला भूकंप 7.2 तीव्रता का था, जबकि महज कुछ सेकंड बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा और अधिक शक्तिशाली झटका महसूस किया गया। दोनों भूकंपों के बाद राजधानी काराकस समेत कई राज्यों में इमारतें ढह गईं और व्यापक नुकसान की खबरें सामने आई हैं।

वेनेजुएला सरकार ने देश में आपातकाल घोषित कर दिया है। अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने अब तक कम से कम 32 लोगों की मौत और 700 से अधिक लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। हालांकि राहत एवं बचाव कार्य अभी भी जारी हैं और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

काराकस में ढही इमारतें, एयरपोर्ट बंद

भूकंप का सबसे ज्यादा असर राजधानी काराकस और उसके आसपास के इलाकों में देखा गया। कई बहुमंजिला इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं और कुछ पूरी तरह ढह गईं। हालात को देखते हुए देश के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को भी बंद कर दिया गया है। कई राज्यों में स्कूलों और गैर-जरूरी गतिविधियों को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।

हजारों मौतों की आशंका

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने चेतावनी दी है कि भूकंप की तीव्रता और प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुकसान को देखते हुए जनहानि का आंकड़ा काफी अधिक हो सकता है। शुरुआती आकलनों में हजारों लोगों के प्रभावित होने और बड़े पैमाने पर हताहतों की आशंका जताई गई है। हालांकि अभी तक आधिकारिक तौर पर 32 मौतों की ही पुष्टि हुई है।

अमेरिका ने भेजी राहत टीम

अमेरिका ने वेनेजुएला को मानवीय सहायता और राहत-बचाव सहयोग देने की घोषणा की है। अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि खोज एवं बचाव कार्यों के लिए विशेष आपदा राहत दलों को सक्रिय कर दिया गया है, जो प्रभावित क्षेत्रों में सहायता पहुंचाएंगे।

पीएम मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस विनाशकारी आपदा पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने वेनेजुएला की जनता और सरकार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि भारत इस कठिन समय में उनके साथ खड़ा है और हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है।

ट्रंप ने भी दिया मदद का भरोसा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि शुरुआती रिपोर्ट बेहद चिंताजनक हैं और बड़ी संख्या में लोगों के हताहत होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि अमेरिका राहत और बचाव कार्यों में हरसंभव सहयोग देने के लिए तैयार है।

फिलहाल मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। लगातार आ रहे आफ्टरशॉक्स के कारण राहत कार्यों में भी चुनौतियां बनी हुई हैं।