हमारे पास वर्क परमिट है... US Airport पर फ्लाइट में चढ़ते वक्त 2 लोगों को उठा ले गए ICE एजेंट
अमेरिका के सिएटल एयरपोर्ट पर ICE अधिकारियों ने अलास्का एयरलाइंस की लॉस एंजिल्स जाने वाली फ्लाइट में सवार हो रहे दो यात्रियों को हिरासत में लिया। कार्रवाई के दौरान एयरपोर्ट पर हंगामा हुआ और फ्लाइट में देरी हुई। वाशिंगटन के गवर्नर और एयरलाइन ने घटना पर नाराजगी जताई।
अमेरिका के सिएटल-टैकोमा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन अधिकारियों की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। यहां अलास्का एयरलाइंस की लॉस एंजिल्स जाने वाली फ्लाइट में सवार हो रहे दो यात्रियों को इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) के अधिकारियों ने हिरासत में ले लिया। इस दौरान एयरपोर्ट पर यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें एक महिला अधिकारियों से अपने परिजनों को छोड़ने की गुहार लगाती और 'हमारे पास वर्क परमिट है' कहते हुए सुनाई दे रही है। इस कार्रवाई के चलते फ्लाइट के उड़ान भरने में भी देरी हुई।
फ्लाइट में चढ़ते समय हुई कार्रवाई
यह घटना 21 नवंबर की सुबह सिएटल-टैकोमा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुई। उस समय यात्री अलास्का एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 1306 में सवार हो रहे थे। यह विमान सिएटल से लॉस एंजिल्स जाने वाला था और इसके सुबह 8:10 बजे रवाना होने का कार्यक्रम था।
इसी दौरान नकाब पहने इमिग्रेशन अधिकारियों ने विमान तक पहुंचने वाले जेट ब्रिज पर दो यात्रियों को हिरासत में ले लिया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में अधिकारियों और यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की होती दिखाई दे रही है। एक महिला अधिकारियों से अपने परिजनों को नहीं ले जाने की गुहार लगाती नजर आई। वह बार-बार वर्क परमिट होने की बात कह रही थी।
ICE ने बताया क्यों की गई गिरफ्तारी
अमेरिकी इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी कर कार्रवाई की वजह बताई। एजेंसी के मुताबिक, अधिकारियों ने 21 नवंबर को सुबह करीब 8:05 बजे एक लक्षित अभियान चलाया था। इसका उद्देश्य मेक्सिको के नागरिक रिकार्डो लारोंडो मेंडोजा को गिरफ्तार करना था। ICE का आरोप है कि उन्होंने अपने वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी अमेरिका में रहना जारी रखा था।
एजेंसी ने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान सोफिया हर्नांडेज मेजिया नाम की एक अन्य यात्री को भी हिरासत में लिया गया। ICE का दावा है कि उन्होंने अधिकारियों पर गर्म कॉफी फेंकी थी। एजेंसी के मुताबिक, वह भी मेक्सिको की नागरिक हैं और उन पर एक संघीय अधिकारी के साथ मारपीट के आरोप में कार्रवाई की जा सकती है।
ICE ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ अन्य यात्रियों ने अधिकारियों के काम में बाधा डालने की कोशिश की। एजेंसी ने चेतावनी दी कि संघीय अधिकारियों के काम में बाधा डालने या उन पर हमला करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अलास्का एयरलाइंस ने जताई नाराजगी
इस घटना पर अलास्का एयरलाइंस ने चिंता जताई है। एयरलाइन के मुताबिक, फ्लाइट में यात्रियों के सवार होने के दौरान हुई इस कार्रवाई की उसे पहले से कोई जानकारी नहीं दी गई थी। कंपनी ने कहा कि इस घटना से प्रभावित यात्रियों और कर्मचारियों को काफी परेशानी हुई है।
एयरलाइन ने बताया कि वह पोर्ट ऑफ सिएटल और संबंधित सरकारी अधिकारियों के साथ मिलकर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कार्रवाई के दौरान तय प्रोटोकॉल का पालन किया गया था या नहीं। घटना के कारण लॉस एंजिल्स जाने वाली फ्लाइट 1306 की उड़ान में देरी हुई।
वाशिंगटन के गवर्नर ने ICE की कार्रवाई पर उठाए सवाल
वाशिंगटन के गवर्नर बॉब फर्ग्यूसन ने एयरपोर्ट पर हुई इस कार्रवाई की कड़ी आलोचना की। उन्होंने ICE के तौर-तरीकों को 'गैर-अमेरिकी' बताते हुए एजेंसी को खत्म करने की मांग तक कर दी।
फर्ग्यूसन ने कहा कि सामने आए वीडियो बेहद डराने वाले और परेशान करने वाले हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि संघीय अधिकारियों ने जेट ब्रिज तक पहुंच कैसे बनाई और क्या इस दौरान मार्च में हस्ताक्षरित उस राज्य कानून का उल्लंघन हुआ, जो कानून प्रवर्तन अधिकारियों के चेहरे ढकने पर प्रतिबंध से संबंधित है।
वहीं, पोर्ट ऑफ सिएटल ने भी घटना पर नाराजगी जताई है। अधिकारियों के मुताबिक, इस कार्रवाई से न केवल प्रभावित परिवार बल्कि आसपास मौजूद अन्य यात्रियों को भी परेशानी हुई। पोर्ट प्रशासन ने कहा कि वह संघीय अधिकारियों से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी जुटा रहा है।
छुट्टियों के दौरान यात्रा प्रभावित होने पर भी चिंता
वाशिंगटन स्टेट लेबर काउंसिल की अध्यक्ष अप्रैल सिम्स ने भी इस कार्रवाई की आलोचना की। उन्होंने कहा कि छुट्टियों के दौरान एयरपोर्ट पर पहले से ही यात्रियों और कर्मचारियों पर काफी दबाव रहता है। ऐसे समय में इस तरह की कार्रवाई से लोगों के बीच डर और अव्यवस्था का माहौल पैदा हुआ।
उन्होंने बताया कि यूनियन के कुछ सदस्य भी उस फ्लाइट में सवार थे। उनके मुताबिक, एयरपोर्ट कर्मचारियों और यात्रियों को पहले से ही यात्रा संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में इस घटना ने स्थिति को और मुश्किल बना दिया।
दूसरी तरफ, ICE ने अपनी कार्रवाई का बचाव करते हुए कहा कि उसके अधिकारियों को हमलों, गाड़ियों से टक्कर मारने की कोशिशों और जान से मारने की धमकियों का सामना करना पड़ रहा है। एजेंसी ने अपने अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।