{"vars":{"id": "130921:5012"}}

व्हाइट हाउस के बाहर फायरिंग करने वाला कौन था Nasire Best? खुद को कहता थी जीजस क्राइस्ट का अवतार

व्हाइट हाउस चेकप्वाइंट पर फायरिंग करने वाले आरोपी की पहचान नासिरे बेस्ट के रूप में हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक वह मानसिक रूप से अस्थिर था और खुद को भगवान यीशु का आधुनिक अवतार बताता था। जानिए कैसे हुई फायरिंग, क्या था उसका मकसद और FBI जांच में अब तक क्या सामने आया।

 

White House Shooter: अमेरिका में व्हाइट हाउस के बाहर हुई सनसनीखेज फायरिंग मामले में अब बड़ा खुलासा हुआ है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फायरिंग करने वाले युवक की पहचान 21 वर्षीय नासिरे बेस्ट (Nasire Best) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मानसिक रूप से अस्थिर था और खुद को आधुनिक दौर में भगवान यीशु मसीह का अवतार बताता था।

व्हाइट हाउस सुरक्षा चौकी के पास हुई इस गोलीबारी ने अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों को एक बार फिर अलर्ट मोड में ला दिया है। घटना के समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के अंदर मौजूद थे, हालांकि वे पूरी तरह सुरक्षित बताए गए हैं।

पहले भी कई बार पकड़ा जा चुका था आरोपी

New York Post की रिपोर्ट के मुताबिक, नासिरे बेस्ट पहले भी कई बार व्हाइट हाउस के आसपास संदिग्ध गतिविधियों के कारण पकड़ा जा चुका था। सीक्रेट सर्विस अधिकारियों ने उसे कई बार एंट्री चेकपॉइंट के आसपास घूमते हुए देखा था। पिछले साल उसे दो बार गिरफ्तार भी किया गया था। उस पर ट्रैफिक बाधित करने और व्हाइट हाउस के प्रतिबंधित पैदल क्षेत्र में घुसने जैसे आरोप लगे थे।

खुद को बताता था ‘Jesus Christ’

जांच एजेंसियों के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान नासिरे बेस्ट ने अधिकारियों से कहा था कि वह जानबूझकर गिरफ्तार होना चाहता है क्योंकि वह खुद को “भगवान यीशु मसीह का आधुनिक अवतार” मानता था।

इसी वजह से जांचकर्ताओं को शक है कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। हालांकि एजेंसियां इस बात की भी जांच कर रही हैं कि कहीं इस हमले के पीछे कोई राजनीतिक मकसद तो नहीं था।

कोर्ट का आदेश भी तोड़ा

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि नासिरे बेस्ट के खिलाफ पहले कोर्ट आदेश जारी किया गया था, जिसमें उसे व्हाइट हाउस इलाके से दूर रहने को कहा गया था। लेकिन उसने इस आदेश का उल्लंघन किया। इसके बावजूद वह दोबारा व्हाइट हाउस क्षेत्र के आसपास देखा गया, जिससे सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही सतर्क थीं।

कैसे हुई फायरिंग की घटना?

भारतीय समयानुसार 24 मई को सीक्रेट सर्विस अधिकारियों ने नासिरे बेस्ट को 17वीं स्ट्रीट नॉर्थवेस्ट इलाके में संदिग्ध हालत में घूमते देखा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वह अचानक आक्रामक हो गया और उसने हथियार निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में कम से कम एक राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया।

सीक्रेट सर्विस की जवाबी कार्रवाई में ढेर

घटना के तुरंत बाद सीक्रेट सर्विस की यूनिफॉर्म डिवीजन ने मोर्चा संभाला। अधिकारियों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी पर कई राउंड गोलियां चलाईं। नासिरे बेस्ट घायल हो गया और उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

FBI कर रही जांच

फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) के निदेशक काश पटेल ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि जांच एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, व्हाइट हाउस के पास हुई गोलीबारी की घटना की जांच में FBI, सीक्रेट सर्विस का सहयोग कर रही है। जैसे-जैसे जानकारी सामने आएगी, जनता को अपडेट दिया जाएगा।

अमेरिका में बढ़ी सुरक्षा चिंता

व्हाइट हाउस जैसी हाई सिक्योरिटी लोकेशन पर हुई इस घटना ने अमेरिका में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है। लगातार बढ़ते सुरक्षा खतरों और राजनीतिक तनाव के बीच यह घटना अमेरिकी एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती मानी जा रही है।