{"vars":{"id": "130921:5012"}}

सर्दियों में फाउंडेशन लगाते ही चेहरे पर दिखने लगते हैं ड्राई पैचेज? मेकअप से पहले अपनाएं ये 5 आसान टिप्स

 

सर्दियों का मौसम आते ही त्वचा से जुड़ी कई परेशानियां बढ़ने लगती हैं। ठंडी हवाओं और कम नमी के कारण स्किन रूखी और बेजान नजर आने लगती है। इसका असर मेकअप पर भी दिखाई देता है। खासकर ड्राई स्किन वाले लोगों को फाउंडेशन लगाने के बाद चेहरे पर पैचेज नजर आने लगते हैं। कभी नाक के आसपास मेकअप फटने लगता है तो कभी गालों पर त्वचा की सूखी परतें दिखने लगती हैं।

ऐसे में चेहरे पर मेकअप का फिनिश अच्छा नहीं आता और पूरा लुक खराब हो जाता है। कई बार लोग इसके लिए अपने फाउंडेशन को जिम्मेदार मानते हैं, जबकि असली वजह त्वचा का सही तरीके से तैयार न होना भी हो सकती है। अगर आप भी सर्दियों में इस परेशानी से बचना चाहती हैं, तो मेकअप शुरू करने से पहले इन 5 जरूरी बातों का ध्यान रखें।

1. माइल्ड फेसवॉश से करें चेहरे की सफाई

मेकअप करने से पहले चेहरे को साफ करना जरूरी है, लेकिन सर्दियों में हार्श फेसवॉश के इस्तेमाल से बचना चाहिए। ऐसे फेसवॉश त्वचा की प्राकृतिक नमी को कम कर सकते हैं, जिससे स्किन और ज्यादा रूखी हो जाती है। इसलिए अपनी त्वचा के अनुसार माइल्ड फेसवॉश का चुनाव करें। चेहरा धोने के बाद तौलिए से रगड़ने के बजाय हल्के हाथों से थपथपाकर सुखाएं।

2. मॉइस्चराइजर लगाना न भूलें

सर्दियों में मेकअप से पहले त्वचा को अच्छी तरह मॉइस्चराइज करना बेहद जरूरी है। चेहरा साफ करने के बाद अपनी स्किन के हिसाब से मॉइस्चराइजर लगाएं। इससे त्वचा को जरूरी नमी मिलती है और फाउंडेशन लगाने पर ड्राई पैचेज उभरकर नहीं दिखते। नाक के आसपास, गालों और माथे जैसे हिस्सों पर विशेष ध्यान दें, क्योंकि यहां रूखापन ज्यादा नजर आ सकता है।

3. मॉइस्चराइजर लगाने के तुरंत बाद न करें मेकअप

अक्सर लोग मॉइस्चराइजर लगाने के तुरंत बाद फाउंडेशन लगा लेते हैं। इससे मेकअप सही तरीके से त्वचा पर सेट नहीं हो पाता। बेहतर होगा कि मॉइस्चराइजर लगाने के बाद करीब 5 से 10 मिनट तक इंतजार करें। जब क्रीम त्वचा में अच्छी तरह समा जाए, तब ही फाउंडेशन या अन्य मेकअप प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करें।

4. ड्राई स्किन के लिए चुनें हाइड्रेटिंग प्राइमर

मेकअप को लंबे समय तक टिकाए रखने और बेहतर फिनिश पाने के लिए प्राइमर का इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि, हर स्किन टाइप के लिए एक जैसा प्राइमर सही नहीं होता। अगर आपकी त्वचा ड्राई है तो हाइड्रेटिंग प्राइमर चुनना बेहतर रहेगा। इसे थोड़ी मात्रा में लेकर चेहरे पर हल्के हाथों से लगाएं। इससे मेकअप का बेस स्मूद बनाने में मदद मिल सकती है।

5. फाउंडेशन की मोटी परत लगाने से बचें

सर्दियों में चेहरे पर ज्यादा फाउंडेशन लगाने से मेकअप भारी और पैची दिखाई दे सकता है। इसलिए एक बार में ज्यादा फाउंडेशन लगाने के बजाय थोड़ी-थोड़ी मात्रा में इस्तेमाल करें। इसे उंगलियों, मेकअप ब्रश या हल्के गीले स्पंज की मदद से अच्छी तरह ब्लेंड करें। जहां ज्यादा कवरेज की जरूरत हो, वहां ही अतिरिक्त फाउंडेशन लगाएं। इससे चेहरे पर नेचुरल फिनिश आएगी।

इन छोटी-छोटी बातों का भी रखें ध्यान


सर्दियों में त्वचा को स्वस्थ रखने के लिए सिर्फ मेकअप ही नहीं, बल्कि स्किन केयर पर भी ध्यान देना जरूरी है। चेहरे को बार-बार स्क्रब करने से बचें। अगर स्किन पर रूखापन या पपड़ी नजर आ रही है तो उसे जबरदस्ती हटाने की कोशिश न करें। इससे त्वचा में जलन बढ़ सकती है। वहीं, दिन के समय मेकअप करने से पहले सनस्क्रीन लगाना न भूलें।

अगर आप इन आसान टिप्स को अपनी रोजमर्रा की मेकअप रूटीन में शामिल करती हैं, तो सर्दियों में भी चेहरे पर स्मूद, फ्रेश और नेचुरल लुक बनाए रखने में मदद मिल सकती है।