{"vars":{"id": "130921:5012"}}

Cracked Heels : सर्दियों में फटने लगी हैं एड़ियां, तो आजमाएं ये घरेलू नुस्खें जो बनाएंगे पैरों को मुलायम और खूबसूरत

 

Cracked Heels : जैसे ही ठंड का मौसम शुरू होता है, हमारी त्वचा में नमी की कमी आने लगती है और इसका सबसे ज्यादा असर एड़ियों पर दिखता है। एड़ियों की स्किन मोटी, खुरदरी और फटी हुई नजर आने लगती है। कई बार दरारें इतनी गहरी हो जाती हैं कि चलना भी मुश्किल हो जाता है। अगर समय पर देखभाल न की जाए तो दर्द और इंफेक्शन तक हो सकता है। हालांकि, अच्छी बात यह है कि फटी एड़ियों की देखभाल के लिए आपको महंगे प्रोडक्ट्स या ट्रीटमेंट की जरूरत नहीं है। घर में मौजूद कुछ आसान चीजों से ही आप एड़ियों को फिर से नरम, मुलायम और सुंदर बना सकते हैं।

फटी एड़ियों के पीछे ये हैं आम कारण

लंबे समय तक नंगे पैर रहना, हमेशा खुले सैंडल या चप्पल पहनना, ठंडे पानी में देर तक रहना, पैरों को मॉइस्चराइज न करना या स्किन का रूखा और डिहाइड्रेटेड होना, ये सभी वजहें एड़ियों को फटने के लिए जिम्मेदार होती हैं। अगर इन आदतों पर ध्यान दिया जाए और नियमित देखभाल की जाए, तो एड़ियों को फटने से आसानी से बचाया जा सकता है।

Cracked Heels : जानें फटी एड़ियों को ठीक करने के घरेलू नुस्खें

ग्लिसरीन और नींबू का असरदार नुस्खा

ग्लिसरीन और नींबू का मिश्रण सदियों से फटी एड़ियों के इलाज में इस्तेमाल किया जाता रहा है। इसके लिए बराबर मात्रा में ग्लिसरीन, नींबू का रस और गुलाब जल मिलाकर किसी बोतल में रख लें। रोज रात को सोने से पहले इस मिक्सचर को एड़ियों पर लगाकर हल्की मालिश करें। यह त्वचा में नमी बनाए रखता है और एड़ियों को मुलायम बनाता है।

मोम, हल्दी और नारियल तेल से बनेगा असरदार बाम

अगर आपकी एड़ियां बहुत ज्यादा फट गई हैं, तो मोम, हल्दी और नारियल तेल का बाम बेहद असरदार रहेगा। इसके लिए थोड़ी-सी बीजवैक्स गर्म करें, उसमें एक चुटकी हल्दी, थोड़ी ग्लिसरीन और नारियल तेल मिलाएं। ठंडा होने पर इसे एक डिब्बे में भरकर रख लें। सोने से पहले इस बाम को लगाकर मोजे पहन लें। कुछ ही दिनों में दरारें भरने लगेंगी और एड़ियों की त्वचा सॉफ्ट हो जाएगी।

हनी-केला-एलोवेरा पैक से मिलेगी नेचुरल नमी

अगर आपकी एड़ियां और पंजे बहुत सख्त हो गए हैं, तो हनी-केला-एलोवेरा पैक आपके काम का है। एक पका केला, एक चम्मच शहद और थोड़ा-सा एलोवेरा जेल मिलाकर पेस्ट बना लें। इसे पैरों पर 20 मिनट तक लगाकर रखें, फिर हल्के हाथों से मसाज करते हुए धो लें। हफ्ते में तीन बार यह पैक लगाने से डेड स्किन निकल जाएगी और एड़ियां चमकदार दिखेंगी।

डेड स्किन हटाना है जरूरी

किसी भी घरेलू रेमेडी को लगाने से पहले एड़ियों की डेड स्किन हटाना बहुत जरूरी है। एक टब में गुनगुना पानी लें, उसमें थोड़ा-सा शैंपू, नमक और फिटकरी डालें। पैर 15 मिनट तक इसमें डुबोकर रखें, फिर प्यूमिक स्टोन या स्क्रबर से धीरे-धीरे साफ करें। आप चाहें तो कॉफी, शहद, चीनी और नारियल तेल मिलाकर नेचुरल स्क्रब भी इस्तेमाल कर सकती हैं। स्क्रबिंग के बाद मॉइस्चराइजर या तेल जरूर लगाएं।

रात में करें यह खास देखभाल

रात में सोने से पहले पैरों को साफ कर नारियल तेल या कैस्टर ऑयल से हल्की मालिश करें। खुली चप्पलों की बजाय मुलायम और बंद फुटवियर पहनें ताकि एड़ियों में नमी बनी रहे।

नारियल तेल- सबसे बेहतरीन मॉइस्चर

फटी एड़ियों के लिए नारियल तेल किसी वरदान से कम नहीं है। यह स्किन को गहराई तक नमी देता है और रूखापन दूर करता है। रात में पैरों को गुनगुने पानी से धोकर सुखाएं, फिर नारियल तेल से मालिश करें। कुछ ही दिनों में एड़ियां मुलायम और स्वस्थ दिखने लगेंगी।