हरियाणा में 6 साल में 17,973 युवाओं की हार्ट अटैक से मौत, चौंकाने वाले आंकड़े सामने
Chandigarh : हरियाणा विधानसभा में बुधवार को दी गई जानकारी के अनुसार, जनवरी 2020 से जनवरी 2026 के बीच 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के कुल 17,973 लोगों की मौत हृदयाघात (हार्ट अटैक) से हुई है। सरकार ने यह आंकड़े सदन में पूछे गए एक सवाल के लिखित जवाब में साझा किए।
सवाल में पूछा गया था कि वर्ष 2020 से अब तक राज्य में 18 से 45 वर्ष के कितने युवाओं की दिल का दौरा पड़ने से मौत हुई है और क्या सरकार ने यह जांचने के लिए कोई अध्ययन या सर्वे कराया है कि इन मौतों का कोविड-19 संक्रमण या कोविड-19 टीकाकरण से कोई संबंध है या नहीं।
सरकार ने अपने जवाब में बताया कि इस संबंध में कोई सर्वेक्षण या अध्ययन नहीं कराया गया है।
सालवार आंकड़े
सरकार द्वारा दिए गए आंकड़ों के अनुसार हार्ट अटैक से मौत के मामले इस प्रकार रहे:
- 2020: 2,394
- 2021: 3,188
- 2022: 2,796
- 2023: 2,886
- 2024: 3,063
- 2025: 3,255
- जनवरी 2026: 391
जिलों के आंकड़े
जिलावार जानकारी के अनुसार, जनवरी 2020 से दिसंबर 2025 तक यमुनानगर में हर साल क्रमशः 387, 461, 375, 378, 410 और 389 मौतें दर्ज की गईं।
वहीं रोहतक में यह संख्या अपेक्षाकृत कम रही, जहां क्रमशः 33, 41, 40, 27, 30 और 30 मामले सामने आए। इसके अलावा गुरूग्राम में भी इन वर्षों के दौरान क्रमशः 113, 105, 116, 114, 93 और 83 लोगों की मौत हार्ट अटैक से दर्ज की गई। सरकार ने बताया कि ये आंकड़े जिलों से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर संकलित कर विधानसभा में प्रस्तुत किए गए हैं।