सावधान! क्या आपको भी हैं Nail Extension का शौक? तो जान लें इसके नुकसान
आजकल फैशन की दुनिया में नेल एक्सटेंशन और एक्रिलिक नेल्स का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है। लंबे, चमकदार और स्टाइलिश नाखून कई लोगों को आकर्षक लगते हैं, इसलिए बड़ी संख्या में लोग इन्हें सैलून में बनवा रहे हैं। हालांकि स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि बार-बार नेल एक्सटेंशन करवाना त्वचा और नाखूनों के लिए नुकसानदेह भी हो सकता है।
विशेषज्ञों के अनुसार इन नाखूनों को लगाने की प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाली यूवी लाइट और कुछ रसायन स्वास्थ्य से जुड़ी चिंताओं को बढ़ा सकते हैं।
एक्सपर्ट ने क्या कहा
ऑन्कोलॉजी सर्जन Dr. Jai R. Anam ने एक इंटरव्यू में बताया कि एक्रिलिक नेल्स देखने में भले ही सुंदर और टिकाऊ लगते हों, लेकिन इनके इस्तेमाल से जुड़े कुछ छिपे हुए जोखिम भी होते हैं।
उन्होंने बताया कि समस्या सीधे एक्रिलिक नेल्स से नहीं, बल्कि उन्हें लगाने की प्रक्रिया से जुड़ी होती है। इस प्रक्रिया में एक खास पाउडर और लिक्विड को मिलाकर नाखूनों पर लगाया जाता है, जिसे बाद में यूवी लैंप के नीचे सख्त किया जाता है। यही यूवी लाइट चिंता का मुख्य कारण बन सकती है।
डॉक्टरों के मुताबिक यूवीए किरणें त्वचा की कोशिकाओं के डीएनए को नुकसान पहुंचा सकती हैं। अगर लंबे समय तक बार-बार इस लाइट के संपर्क में आया जाए तो त्वचा से जुड़ी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।
त्वचा पर भी पड़ सकता है असर
कुछ शोधों में यह भी सामने आया है कि यूवी लैंप के नीचे बार-बार हाथ रखने से त्वचा पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। इसके अलावा कई एक्रिलिक उत्पादों में फॉर्मल्डिहाइड और टोल्यून जैसे केमिकल पाए जाते हैं, जो त्वचा में जलन या एलर्जी पैदा कर सकते हैं।
जब इन रसायनों का प्रभाव यूवी किरणों के साथ मिल जाता है तो त्वचा पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है।
ऐसे कम किया जा सकता है जोखिम
विशेषज्ञों का कहना है कि थोड़ी सावधानी बरतकर इस खतरे को कम किया जा सकता है।
नेल एक्सटेंशन से पहले उंगलियों पर सनस्क्रीन लगाना फायदेमंद माना जाता है।
पारंपरिक यूवी लैंप की जगह एलईडी लैंप का इस्तेमाल अपेक्षाकृत सुरक्षित माना जाता है।
बार-बार नेल एक्सटेंशन करवाने से बचें और इसे खास मौकों तक सीमित रखें।
घर पर हटाने की गलती न करें
डॉक्टर यह भी सलाह देते हैं कि हमेशा विश्वसनीय सैलून में ही यह प्रक्रिया करवानी चाहिए। कई लोग घर पर ही एक्रिलिक नेल्स हटाने की कोशिश करते हैं, जिससे नाखून और त्वचा को नुकसान हो सकता है। इसलिए इन्हें हटाने के लिए एक्सपर्ट की मदद लेना ही सुरक्षित तरीका माना जाता है।
विशेषज्ञों के अनुसार फैशन के साथ-साथ सेहत का ध्यान रखना भी जरूरी है, इसलिए नेल एक्सटेंशन करवाते समय सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।