सिगरेट की लत पड़ सकती है भारी, फेफड़ों को पहुंच सकता है गंभीर नुकसान; जानिए COPD के शुरुआती लक्षण और बचाव
सिगरेट पीने की आदत छोड़ना हर किसी के लिए आसान नहीं होता। कई लोग धूम्रपान छोड़ने का फैसला करते हैं, कुछ दिन तक इससे दूरी भी बना लेते हैं, लेकिन फिर दोबारा सिगरेट पीना शुरू कर देते हैं। धीरे-धीरे यह आदत सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। खासतौर पर इसका सीधा असर फेफड़ों पर पड़ता है और क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (COPD) जैसी गंभीर बीमारी का जोखिम बढ़ जाता है।
चिंता की बात यह है कि COPD के शुरुआती लक्षण अक्सर सामान्य खांसी या सांस फूलने जैसे लगते हैं। यही वजह है कि कई लोग इन्हें नजरअंदाज करते रहते हैं और बीमारी का पता तब चलता है, जब फेफड़ों को काफी नुकसान पहुंच चुका होता है। ऐसे में धूम्रपान छोड़ने के साथ-साथ इस बीमारी के शुरुआती संकेतों को पहचानना भी बेहद जरूरी है।
सिगरेट पीने वालों में COPD का खतरा ज्यादा
सिगरेट के धुएं में मौजूद हानिकारक रसायन फेफड़ों को धीरे-धीरे नुकसान पहुंचाते हैं। अमेरिका के सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (CDC) के आंकड़ों के मुताबिक, वहां COPD से होने वाली 10 में से 8 मौतों के लिए सिगरेट पीना जिम्मेदार है।
वहीं, फरवरी 2026 में प्रकाशित एक भारतीय अध्ययन में भी धूम्रपान और COPD के बीच गंभीर संबंध सामने आया। इस अध्ययन में 23 शोधों और 27,319 वयस्कों के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया। इसमें धूम्रपान करने वालों के बीच COPD की औसत दर 37 फीसदी पाई गई। ये आंकड़े बताते हैं कि लंबे समय तक सिगरेट पीने की आदत फेफड़ों के लिए कितनी खतरनाक हो सकती है।
लगातार खांसी और सांस फूलना हो सकते हैं शुरुआती लक्षण
COPD फेफड़ों की एक गंभीर बीमारी है, जिसमें सांस की नलियां सिकुड़ने लगती हैं और फेफड़ों से हवा का आना-जाना मुश्किल हो जाता है। इसका असर धीरे-धीरे व्यक्ति की सांस लेने की क्षमता पर पड़ता है।
इसके कुछ सामान्य लक्षण इस प्रकार हैं:
- लंबे समय तक लगातार खांसी रहना।
- बार-बार बलगम आना।
- थोड़ा चलने या सीढ़ियां चढ़ने पर सांस फूलना।
- सीने में जकड़न महसूस होना।
- सामान्य काम करते हुए भी जल्दी थक जाना।
- सांस लेने में परेशानी होना।
दिल्ली के BLK-Max Super Speciality Hospital में सेंटर फॉर चेस्ट एंड रेस्पिरेटरी डिजीजेज के डायरेक्टर डॉ. पवन गुप्ता ने प्रभात खबर से बातचीत में बताया कि अक्सर COPD की पहचान काफी देर से होती है। तब तक मरीज के फेफड़ों की कार्यक्षमता काफी कम हो चुकी होती है।
उनके मुताबिक, अगर किसी व्यक्ति को लंबे समय से खांसी, बलगम या सांस लेने में परेशानी हो रही है, तो उसे सामान्य समस्या समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर डॉक्टर से परामर्श और स्पाइरोमेट्री टेस्ट कराने से बीमारी की पहचान करने में मदद मिल सकती है।
बार-बार कोशिश के बाद भी नहीं छूट रही सिगरेट?
सिगरेट छोड़ने में सबसे बड़ी चुनौती निकोटीन की लत होती है। इसकी वजह से कई लोग चाहकर भी धूम्रपान नहीं छोड़ पाते। कुछ दिन तक सिगरेट से दूरी बनाने के बाद दोबारा इसकी शुरुआत कर देते हैं।
ऐसी स्थिति में केवल इच्छाशक्ति के भरोसे रहने के बजाय डॉक्टर की मदद लेना बेहतर है। काउंसलिंग, व्यवहार में बदलाव और डॉक्टर की सलाह से मिलने वाले उपचार के जरिए इस लत से बाहर निकलने में मदद मिल सकती है।
माता चानन देवी हॉस्पिटल, जनकपुरी, नई दिल्ली के पल्मोनोलॉजी विभाग के सीनियर कंसल्टेंट और हेड डॉ. चंद्रमणि पंजाबी ने प्रभात खबर से बातचीत में बताया कि जो वयस्क बार-बार कोशिश करने के बावजूद सिगरेट नहीं छोड़ पा रहे हैं, उनके लिए वैज्ञानिक प्रमाणों के आधार पर दूसरे उपचार विकल्पों पर विचार किया जा सकता है। हालांकि, धूम्रपान पूरी तरह छोड़ना ही सेहत के लिए सबसे सुरक्षित विकल्प है।
सिर्फ सिगरेट ही नहीं, इन वजहों से भी हो सकता है COPD
आमतौर पर COPD को सिगरेट पीने से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन इसके पीछे कुछ अन्य कारण भी हो सकते हैं। घर के अंदर होने वाला वायु प्रदूषण, रसोई के धुएं के लंबे समय तक संपर्क में रहना, कार्यस्थल पर धूल और जहरीली गैसों के बीच काम करना भी फेफड़ों को नुकसान पहुंचा सकता है।
इसलिए फेफड़ों को स्वस्थ रखने के लिए धूम्रपान से दूरी बनाना, प्रदूषण से बचाव करना और साफ हवा में रहना जरूरी है। अगर लगातार खांसी, बलगम या सांस फूलने जैसी परेशानी हो रही है, तो बिना देरी किए डॉक्टर से जांच करानी चाहिए।
याद रखें, COPD से फेफड़ों को हुआ नुकसान पूरी तरह ठीक नहीं हो पाता, लेकिन समय पर बीमारी की पहचान और सही इलाज से इसके बढ़ने की रफ्तार को कम करने और जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।