लोहे की कड़ाही में भूलकर भी न पकाएं ये 5 चीजें, स्वाद के साथ खाने का रंग भी हो सकता है खराब
आजकल बाजार में खाना बनाने के लिए कई तरह के बर्तन मौजूद हैं। कोई नॉन-स्टिक पैन का इस्तेमाल करता है तो किसी को स्टील और एल्युमीनियम के बर्तनों में खाना बनाना पसंद होता है। हालांकि, इन आधुनिक बर्तनों के बीच लोहे की कड़ाही की अहमियत आज भी बरकरार है। पुराने समय से ही भारतीय रसोई में इसका इस्तेमाल होता आ रहा है। खास बात यह है कि लोहे के बर्तन में खाना पकाने से भोजन में थोड़ी मात्रा में आयरन भी शामिल हो सकता है।
लेकिन क्या आप जानते हैं कि लोहे की कड़ाही में हर तरह का खाना बनाना सही नहीं होता? कुछ खाद्य पदार्थ ऐसे हैं, जिन्हें इसमें पकाने से खाने का स्वाद, रंग और गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि लोहे की कड़ाही में कौन-सी चीजें बनाना बेहतर है और किन चीजों के लिए दूसरे बर्तनों का इस्तेमाल करना चाहिए।
1. सूखी सब्जियां बनाने के लिए है बेहतर विकल्प
लोहे की कड़ाही में आलू, गोभी, भिंडी, बीन्स और मिक्स वेज जैसी सूखी सब्जियां आसानी से बनाई जा सकती हैं। इसमें सब्जियां अच्छी तरह भुनती हैं और मसालों का स्वाद भी उनमें अच्छी तरह घुल जाता है। इसके अलावा, लोहे के बर्तन में खाना पकाने से भोजन में कुछ मात्रा में आयरन मिल सकता है।
हालांकि, सब्जियां बनाने से पहले कड़ाही की सही तरीके से सीजनिंग करना जरूरी है। इसके लिए कड़ाही की सतह पर तेल की हल्की परत लगाकर गर्म करें। इससे खाना चिपकने की समस्या कम होती है।
2. पराठे और चीले बनाने में भी करें इस्तेमाल
अगर आपको नाश्ते में पराठे या बेसन के चीले खाना पसंद है तो लोहे का तवा या कड़ाही अच्छा विकल्प हो सकता है। लोहे के बर्तन में गर्मी अच्छी तरह फैलती है और यह लंबे समय तक गर्म रहता है। इससे पराठे और चीले अच्छी तरह सिकते हैं।
आलू, गोभी और मूली के पराठे लोहे के तवे पर आसानी से बनाए जा सकते हैं। हालांकि, अगर तवे की सीजनिंग ठीक नहीं है तो पराठे या चीले चिपक सकते हैं। इसलिए इस्तेमाल से पहले तवे को अच्छी तरह साफ करके सुखाएं और उस पर तेल की हल्की परत लगाएं।
3. पूड़ी और पकौड़े तलने के लिए भी अच्छा विकल्प
लोहे की कड़ाही में पूड़ी, पकौड़े और दूसरी तली हुई चीजें भी बनाई जा सकती हैं। इसकी खासियत है कि यह गर्म होने के बाद लंबे समय तक गर्म रहती है। इससे तलने के दौरान तेल का तापमान बनाए रखने में मदद मिलती है और पूड़ी-पकौड़े अच्छी तरह तलते हैं।
हालांकि, तलते समय तेल के तापमान का ध्यान रखना जरूरी है। बहुत ज्यादा गर्म तेल में चीजें बाहर से जल्दी पक सकती हैं, जबकि अंदर से कच्ची रह जाती हैं।
4. टमाटर वाली ग्रेवी बनाने से बचें
लोहे की कड़ाही में टमाटर वाली ग्रेवी बनाने से बचना चाहिए। दरअसल, टमाटर में प्राकृतिक एसिड होता है, जो लोहे के संपर्क में आने पर प्रतिक्रिया कर सकता है। खासकर जब टमाटर की ग्रेवी को लंबे समय तक पकाया जाता है, तो खाने का स्वाद बदल सकता है। इसमें हल्का धातु जैसा स्वाद भी आ सकता है।
इसलिए अगर आप पनीर की सब्जी, छोले या टमाटर वाली दूसरी ग्रेवी बना रहे हैं तो स्टेनलेस स्टील या किसी दूसरे उपयुक्त बर्तन का इस्तेमाल करना बेहतर रहेगा।
5. नींबू, इमली और सिरके वाली चीजें न पकाएं
नींबू, इमली, सिरका और अमचूर जैसी खट्टी चीजों का इस्तेमाल करते समय भी लोहे की कड़ाही से परहेज करना चाहिए। इनमें मौजूद एसिड लोहे के साथ प्रतिक्रिया कर सकता है। इससे खाने का रंग और स्वाद प्रभावित हो सकता है।
उदाहरण के लिए, अगर आप इमली वाला सांभर बना रहे हैं या किसी सब्जी में नींबू और सिरके का इस्तेमाल करना चाहते हैं तो लोहे की कड़ाही की जगह स्टील या किसी दूसरे बर्तन का चुनाव करें। खासकर खट्टी चीजों को लंबे समय तक लोहे के बर्तन में पकाने से बचना चाहिए।
कड़ाही की सफाई और सीजनिंग का भी रखें ध्यान
लोहे की कड़ाही का इस्तेमाल करते समय उसकी साफ-सफाई और रखरखाव भी जरूरी है। हर बार इस्तेमाल के बाद इसे अच्छी तरह साफ करके सुखा लें। कड़ाही में नमी रहने से जंग लग सकती है। इसके अलावा, समय-समय पर तेल की हल्की परत लगाकर सीजनिंग करते रहें।
इस तरह कुछ छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर आप लोहे की कड़ाही का लंबे समय तक इस्तेमाल कर सकते हैं। सही चीजों को सही बर्तन में पकाना न सिर्फ खाने का स्वाद बनाए रखने में मदद करता है, बल्कि बर्तनों की उम्र भी बढ़ाता है।